भोपाल में शनिवार रात नशे में धुत युवकों ने तेज रफ्तार कार से पुलिसकर्मी, राहगीरों, ठेलों और कई वाहनों को टक्कर मारी। वे 10 से 12 किलोमीटर तक उत्पात मचाते रहे। घटना में 6 लोग घायल हुए हैं। तीन थाना क्षेत्रों की पुलिस ने कार का पीछा किया। करीब 10-12 किलोमीटर तक भागने के बाद आरोपियों को मीनाल क्षेत्र के पास घेर लिया गया।
घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी। मौके पर काफी लोग जमा हो गए। स्थिति बेकाबू होने लगी थी। पुलिस ने दो आरोपियों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया, जबकि अन्य के फरार होने की बात कही जा रही है। मारपीट का वीडियो रविवार को सामने आया है।
रविवार को बजरिया थाना प्रभारी शिल्पा कौरव ने बताया कि अब तक 6 घायल सामने आ चुके हैं। इनमें से दो घायलों को पुलिस के पास लाया गया है, जबकि अन्य अलग-अलग स्थानों पर इलाज करा रहे हैं। 4 से 5 लोगों के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है, जिनमें ठेले और साइकिल शामिल हैं।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका रिमांड ले लिया है। जांच में सामने आया है कि सभी युवक एक दोस्त के जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे थे।
घटना के बाद की 3 तस्वीरें देखिए…

घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों को घेर लिया और जमकर पिटाई कर दी।

आरोपी युवकों की पिटाई का वीडियो भी सामने आया है।


कार मालिक का पिता पुलिस विभाग में पदस्थ
शुरुआत में कार मालिक आदित्य हरियाल गाड़ी चला रहा था, लेकिन बाद में स्टेशन के पास उसने गाड़ी सर्वा दुबे को दे दी। इसके बाद सर्वा दुबे ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया। मामले में यह भी सामने आया है कि आदित्य हरियाल का पिता पुलिस विभाग में पदस्थ है।जानकारी के अनुसार, उसके पिता नरेंद्र हरियाल लोकायुक्त में प्रधान आरक्षक हैं। घटना के दौरान कार पर ‘पुलिस’ लिखा था, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति बनी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।