इंदौर के एमआईजी में रास्ता देने के विवाद में रिटायर्ड फौजी ने की फायरिंग: युवक के पेट में लगी गोली, पिता-पुत्र हिरासत में; लोगों को धमकाते हुए आरोपी का वीडियो वायरल, हत्या के प्रयास का केस दर्ज

इंदौर के एमआईजी इलाके में रास्ता देने को लेकर हुए विवाद में रिटायर्ड फौजी ने लाइसेंसी पिस्टल से दो से तीन राउंड फायर कर दिए। इसमें रक्षित नाम के युवक के पेट में गोली लगने की बात सामने आई है। घायल का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पिस्टल लेकर घूमता रिटायर फौजी

घटना के बाद आरोपी का पिस्टल लेकर लोगों को डराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस ने आरोपी और उसके बेटे को हिरासत में लेकर हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।

घटना सोमवार देर रात कृष्णबाग इलाके की है। पुलिस के मुताबिक, रिटायर्ड फौजी नीरज का बेटा केशव वहां से निकल रहा था। इस दौरान कुछ लड़कियां और महिलाएं कुर्सियां लगाकर बैठी थीं। रास्ता देने की बात पर केशव का उनसे विवाद हो गया। इसके बाद वह वहां से चला गया और घर पहुंचकर पिता नीरज को विवाद के बारे में बताया।

घर से लाइसेंसी पिस्टल लेकर पहुंचा, फिर की फायरिंग

बेटे से विवाद की जानकारी मिलने के बाद नीरज लाइसेंसी पिस्टल लेकर मौके पर पहुंचा। आरोप है कि उसने वहां मौजूद लोगों को अपशब्द कहते हुए विवाद किया और दो से तीन राउंड फायर कर दिए। इस दौरान रक्षित के पेट में गोली लग गई। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस, पिता-पुत्र हिरासत में

फायरिंग की सूचना मिलने पर एमआईजी थाना प्रभारी सीबी सिंह और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नीरज और उसके बेटे केशव को हिरासत में लिया है। देर रात तक घायल रक्षित के बयान दर्ज नहीं हो सके थे। पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *