हनीट्रैप का खौफनाक जाल: भाजपा नेत्री बताने वाली सोनम कुशवाह गिरफ्तार, कारोबारी को साइट विजिट के बहाने बुलाकर बंधक बनाया, मारपीट कर 10 लाख मांगे और रेप केस में फंसाने की धमकी दी

यह डरावनी आपबीती जौरा के फर्नीचर कारोबारी रमेश उर्फ पप्पू शिवहरे की है। व्यापारी का आरोप है कि उसे बंधक बनाकर 10 लाख रुपए की मांग की गई, जान से मारने और झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकियां दी गईं।

चर्चित हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग मामले में नामजद मास्टरमाइंड सोनम कुशवाह को पुलिस ने शुक्रवार (5 जून) को गिरफ्तार कर लिया। वह खुद को भाजपा नेत्री और समाज सेविका बताती थी। भाजपा के कई बड़े नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें भी हैं। मामले में सचिन कुशवाह और गजेंद्र कुशवाह समेत तीन पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं। वहीं, सहयोगी मीरा फरार है

अब जानिए कैसे सोनम के शिकंजे में फंसा काराबोरी

3 महीने पहले एक कार्यक्रम में मुलाकात हुई थी

पप्पू उर्फ रमेश शिवहरे जौरा के बड़े फर्नीचर कारोबारी हैं। वे कहते हैं- मास्टर माइंड सोनम कुशवाह से करीब 3 महीने पहले एक कार्यक्रम में मुलाकात हुई थी। 10 मई की बात है। रोज की तरह मैं अपने शोरूम पर था। दोपहर 3 बजे शोरूम के ऊपर ही स्थित अपने घर खाना खाने चला गया। सोनम कुशवाह दोपहर 3:23 बजे शोरूम पहुंची। मेरे बारे में पूछा तो कर्मचारियों से बताया कि लंच करने गए हैं।

सोनम ने कहा ठीक है…और बिना किसी से कुछ कहे- ऊपर घर पर आ धमकी। मैं खाना खाकर कमरे में आराम कर रहा था। पत्नी तब खाना खा रही थी। सोनम ने पूछा- सेठ जी कहां हैं, इस पर पत्नी ने बताया- वे सो रहे हैं। पत्नी ने सोनम से परिचय पूछा और खाना ऑफर किया। सोनम के हां कहने पर पत्नी ने थाली लगा दी। दोनों ने बैठकर साथ खाना खाया।

7 बजे साइट विजिट करने को कहा और चली गई

शिवहरे कहते हैं- बातों-बातों में सोनम 7-8 रोटी खा गई। पत्नी ने पूछा- सेठ जी से क्या काम है, इस पर उसने कहा- मुझे 40 हजार रुपए तक की एक आलमारी खरीदनी है। सोफा और एसी भी लगवाना है।पत्नी ने कहा- आप नीचे जाकर पसंद कर लीजिए। इस पर उसने कहा- बहन जी आप भी साथ चलिए। पत्नी ने कहा- आप का काम है, आप जाकर पसंद कर लीजिए, फिर सेठ जी से बात कर लीजिएगा। सोनम नीचे उतरी और कुछ देर तक शोरूम में सामान देखती रही।टेक्नीशियन आदिल ने बताया कि रूम की लंबाई-चौड़ाई के हिसाब से एसी लगता है। इस पर उसने शाम को 7 बजे साइट विजिट करने को कहा और वहां से निकल गई। सोनम का घर पर आना-जाना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

शाम 7 बजे तक 30 से 40 कॉल कर चुकी थी सोनम

शिवहरे के अनुसार- शोरूम से जाने के कुछ देर बाद से ही उसने मुझे कॉल करना शुरू कर दिया। शाम 7 बजे तक सोनम मुझे 30 से 40 कॉल कर चुकी थी। नया नंबर होने से मैंने कॉल इग्नोर कर दिया।कई कॉल आने के कारण कर्मचारियों ने कहा- फोन उठा लीजिए, पता नहीं क्यों इतने कॉल किए गए। मेरे कॉल उठाते ही सोमन ने परिचय दिया और एसी लगाने के लिए घर पर विजिट के लिए रिक्वेस्ट करने लगी।

बार-बार कहने पर मैं टेक्नीशियन आदिल को लेकर बाइक से शाम 7:30 बजे सोनम के बताए पते पर पहुंचा। उसने कहा था- गली से मेन रोड पर आ जाएगी। महिला ने जहां रुकने को हमें कहा था- वहीं पास में पेट्रोल पंप था।सोनम आने में थोड़ा लेट हुई तो आदिल ने कहा- तब तक मैं पेट्रोल डलवा लेता हूं। आदिल पंप पर गया, इसी दौरान सोनम आ गई। मैं आदिल के लिए रुका तो बोली- पास में ही है, आप चलो, उसे फोन कर बुला लेंगे।

कमरा दिखाने के बहाने ले गई, बाहर से कुंडी लगाई

वह गली में कुछ दूर एक घर के भीतर लेकर गई। भीतर घुसते ही एक महिला नजर आई। उसने मीरा कुशवाह कहते हुए परिचय करवाया। वह मुझे कमरा दिखाने के बहाने भीतर ले गई और फिर बाहर से दरवाजा लगा दिया।कुछ ही देर में दो लड़के गजेन्द्र कुशवाह और सचिन कुशवाह वहां ऑटो से आ धमके। चारों ने रुपए की डिमांड करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बोले- स्मार्ट फोन कहां है, जल्दी से 10 लाख रुपए हमारे खाते में ट्रांसफर कर। मैंने कहा- मैं सिर्फ छोटा फोन चलता हूं। यह सुनते ही वे मुझे पीटने लगे।

अंगूठी छीन ली, बार-बार 10 लाख रुपए मांगते रहे

वे एक बोतल लेकर आए, जिसमें पानी जैसा कुछ भरा हुआ था। बोले- इसमें केमिकल है, इसे पी और कपड़े उतारकर पलंग पर लेट जा। मैंने ऐसा करने से मना किया तो डंडे से पीटने लगे। मेरी सोने की अंगूठी निकाली और जेब में रखे 5 हजार रुपए भी ले लिए।बार-बार 10 लाख रुपए की मांग करते रहे। बोले- अपने भाई से डलवा, कुछ भी कर 10 लाख रुपए तो तुझे देने होंगे। मैंने अपनी जान बचाने के लिए कहा- मेरी दुकान पर चलो 50 हजार तत्काल ले लेना।

मैं किसी से शिकायत नहीं करूंगा। हालांकि उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया। रुपए नहीं मिलने पर वे ऑटो में बिठाकर मुझे कहीं लेकर जाने का प्लान करने लगे। उन्होंने किसी को कॉल किया, वो कौन था- यह मुझे नहीं पता।वे दीवाना जी कह कर उसे संबोधित कर रहे थे। वह बोल रहा था कि अगर कुछ नहीं दे रहा तो यहां ले आओ, बलात्कार का मामला हम दर्ज करा देंगे।

बोले- गड़बड़ हो गई, जल्दी निकलो, पुलिस आती होगी

उधर बहुत देर तक खोजने और फोन बंद होने के कारण आदिल को शंका हुई। उसने परिवार-परिचित को मेरे नहीं मिलने की सूचना दी, जिसके बाद परिचित और व्यापारी वर्ग मुझे उस इलाके में खोजने लगे। इस पर दोनों महिलाएं और युवक घबरा गए।बोले- गड़बड़ हो गई, जल्दी निकलो, पुलिस भी आती होगी, बाहर बहुत लोग इसकी तलाश कर रहे हैं। इसके बाद मुझे छोड़कर चारों वहां से भागने लगे।कुछ देर बाद पुलिस के साथ परिवारवाले आ गए और मोहल्लेवालों के बताने पर मुझे छुड़ाया। सोनम भी पकड़ में आ गई, बाकी तीन फरार हो गए। बाद में उसे क्यों छोड़ दिया, यह मुझे नहीं पता।

टेक्नीशियन बोला- फोन बंद था, मैं इंतजार कर लौट गया

टेक्नीशियन आदिल के अनुसार- उस दिन सोनम कुशवाह पहले दुकान पर आई थी। शाम को हम दोनों पेट्रोल पंप के पास खड़े होकर सोनम का इंतजार कर रहे थे। मैं पेट्रोल डलवाने गया, जब लौटा तो रमेश भाई नहीं थे।फोन लगाया तो बंद आया। पौन घंटे तक इंतजार कर रहा था- 30 से ज्यादा कॉल किए। रात 8 बजे तक वहीं रहा। इसी दौरान दुकान से फोन आया तो मैं यह सोचकर वापस आया कि रमेश भाई पहुंच गए होंगे। मैं दुकान पहुंचा, वहां से अपने घर कुछ सामान देने निकल गया।

सेठजी के बेटे कन्हैया का मेरे पास कॉल आया कि पापा अब तक नहीं आए। मैंने कहा- वो आ रहे होंगे। मैंने कहा- कॉल कर लो, तो बोला- नहीं लग रहा है। मैंने कहा- फोन तो बहुत देर से बंद आ रहा है। इसके बाद मैं तत्काल कन्हैया के पास आया।हम त्यागी समेत परिवार के लोग, मेरी और दूसरी दुकान का स्टाफ, व्यापारी, दोस्त… सब उस इलाके में फैल गए। पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज देखे। 80 से ज्यादा लोग गली में घूमे। पहचान बताते हुए आगे बढ़े। पुलिस को भी सूचना दी।

एक व्यक्ति ने उस मकान तक पहुंचाया। रात पौने 11 बजे रमेश भाई को सोनम के कब्जे से मुक्त करवाया। पुलिस सोनम को लेकर थाने पहुंची। हम सब भी थाने गए।

व्यापारी को बंधक बनाकर इसी ऑटो से कहीं और ले जाने का प्लान था।

बर्थडे पर पहचान बनाई, फिर बनाया फंसाने का प्लान

फर्नीचर कारोबारी और सोनम की जान-पहचान फरवरी माह में हुई थी। रमेश के शोरूम के सामने ही एक ब्यूटी पार्लर संचालक रहते हैं। पड़ोसी होने के नाते वे उनके यहां बच्चे की बर्थडे पार्टी में शामिल होने पहुंचे थे।यहां सोनम भी थी, तब उसने खुद को भाजपा नेत्री बताते हुए रमेश शिवहरे को अपना परिचय दिया था। यहां मोबाइल नंबर भी एक्सचेंज हुआ था। सोनम ने कहा था- मैं आपको कॉल करूंगी, कुछ खरीदी करना है।

10 मई को सोनम व्यापारी के शोरूम पहुंची थी।

बस से भागने की कोशिश में पकड़ी गई आरोपी सोनम

हनीट्रैप मामले में फरार दोनों मुख्य आरोपी सोनम कुशवाहा और मीरा कुशवाह ने जौरा न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका लगाई गई थी। कोर्ट ने 18 मई को इसे खारिज कर दिया था।इसके बाद सोनम ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका लगाई थी। 25 मई को एमपी हाईकोर्ट ने मुरैना पुलिस को निर्देश दिए थे कि इसमें सही तथ्य जोड़ न्यायसंगत स्वविवेक से कार्रवाई करें।

5 जून को मुख्य आरोपी भाजपा नेत्री सोनम कुशवाह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसडीओपी जौरा नितिन बघेल के अनुसार- ब्लैकमेलिंग और हनी ट्रैप मामले में मुख्य आरोपी सोनम कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया गया है।सूचना मिली थी कि महिला बस से शहर के बाहर जा रही है। टीम ने घेराबंदी कर सोनम को एमएस रोड पर एक यात्री बस से पकड़ा है। दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने शुक्रवार को सोनम को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने जेल भेज दिया।

सोनम की साथी मीरा पर पति की हत्या का आरोप

हनी ट्रैप मामले में आरोपी मीरा कुशवाह पर आरोप है कि 2024 में ससुराल जारह गांव में उसने अपने पति की हत्या की थी। इतना ही नहीं शव को पगारा डैम जौरा में फेंकवा दिया था। जांच के बाद मीरा पर हत्या की धाराओं में केस दर्ज हुआ। मामले में मीरा लंबे समय तक जेल में रही है, हाल ही में जमानत पर बाहर आई है।

भाजपा नेताओं के साथ फोटो खिंचवाती और खुद को भाजपा नेत्री बताती थी सोनम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *