
कोरोनावायरस के नए स्वरूप ओमिक्रॉन को लेकर बढ़ी चिंता के बीच कोविड पैनल के प्रमुख डॉ. वी के पॉल ने मंगलवार को साफ तौर पर चेताया कि इस बात की आशंका है कि नए वैरिएंट से वैक्सीन भी अप्रभावी हो.वीके पॉल ने कहा, ‘ऐसी प्रबल संभावना है कि उभरती परिस्थितियों में हमारे टीके बेअसर हो जाएं। इसलिए एकजुट होकर कोरोना के नए वैरिएंट का सामना करने के लिए टीका बनाने की जरूरत है।’ उन्होंने कहा कि दवाओं के विकास के लिए पहले से ठोस दृष्टिकोण की जरूरत है।
इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, पॉल ने कहा कि अभी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि दुनियाभर में वैक्सीन पहुंचे और कोई भा पीछे न रहे। उन्होंने कहा कि महामारी से निपटने के लिए विज्ञान में निवेश पर जोर दिए जाने की भी जरूरत है। पॉल सीआईआई पार्टनरशिप समिट में बोल रहे थे।
बता दें कि भारत में ओमिक्रॉन के केस अब बढ़कर 61 पर पहुंच गए हैं। वहीं, ब्रिटेन में भी यह तेजी से पैर पसार रहा है। ब्रिटेन में इस साल जनवरी के बाद से अब तक के सबसे ज्यादा नए कोविड केस दर्ज किए गए हैं। अकेले ब्रिटेन में ही ओमिक्रॉन वैरिएंट के 5 हजार मामले आ चुके हैं।