तारीख – 24 जून… समय- रात 9 बजकर 42 मिनट…। अशोक नगर में रहने वाले वर्धमान जैन ने जैसे ही मोबाइल फोन का इंटरनेट ऑन किया, वॉट्सएप पर एक के बाद एक 40 से ज्यादा फोटो और तीन वीडियो डाउनलोड हो गए। फोटो और वीडियो उनकी चचेरी बहन मुस्कान जैन के थे। वह एक युवक के साथ नजर आ रही थी।
कार के अंदर अशोक नगर के युवक-युवती के शव मिले।
चौंकाने वाली बात यह थी कि ये फोटो-वीडियो भेजने वाला कोई और नहीं, बल्कि वही युवक था जो तस्वीरों में मुस्कान के साथ दिख रहा था रितिक सोनी।मैसेज देखते ही परिवार में हड़कंप मच गया। मुस्कान घर में नहीं थी। उससे संपर्क नहीं हो पा रहा था। परिजन तलाश करते हुए थाने पहुंचे। कई घंटे खोजबीन चली। मोबाइल फोन लोकेशन ट्रेस करते-करते पुलिस ईसागढ़ रोड स्थित महाना गांव पहुंची।यहां सड़क किनारे एक कार खड़ी थी। अंदर मुस्कान और रितिक के शव थे। पास में पिस्टल, कुल्हाड़ी, पेपर कटर, सल्फास की गोलियां, चॉकलेट्स, चप्पल और

मुस्कान जैन और रितिक सोनी।
सड़क से 10 फीट नीचे खेत में मिली कार
भास्कर टीम जब मौके पर पहुंची तो कार सड़क से करीब 10 फीट नीचे खेत में खड़ी मिली। गाड़ी का अगला हिस्सा टूटा हुआ था। ड्राइवर वाले गेट के निचले हिस्से पर खून फैला था। पिछले गेट के शीशे का ऊपरी हिस्सा काला पड़ चुका था। ऐसा लग रहा था जैसे आग लगी थी।
देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा बताते हैं कि रात 3 बजे तक दोनों की तलाश करते रहे। शुरुआत में सही लोकेशन नहीं मिली थी। पुलिस टीम कुछ आगे निकल गई थी। फिर से चेक करने पर लोकेशन पीछे दिखाई दी। वापस सड़क किनारे देखते हुए निकल रहे थे तो नीचे खेत की तरफ एक आई-20 कार नजर आई।

कार के अंदर दोनों के शव इस तरह पड़े मिले।
स्टीयरिंग पर रितिक का सिर था, हॉर्न लगातार बज रहा था
टीआई के मुताबिक, कार का हॉर्न लगातार बज रहा था। जैसे ही गेट खोला रितिक के हाथ में फंसी पिस्टल गिरी। ड्राइविंग सीट पर रितिक का शव था। उसका सिर स्टीयरिंग पर टिका था। बगल वाली सीट पर मुस्कान का शव उलटी अवस्था में पड़ा था।

कार सड़क से करीब 10 फीट नीचे खेत में मिली है। आगे से क्षतिग्रस्त थी।
फोटो और वीडियो देखते ही मैं उसके घर पहुंचा, वह नहीं मिली
मुस्कान के चचेरे भाई वर्धमान बताते हैं- जैसे ही मैंने फोटो और वीडियो दिखे। मैं परिवार सहित सोनी कॉलोनी स्थित मुस्कान के घर पहुंचा, लेकिन वह वहां नहीं मिली। चाची ने बताया- वह रोज जिम जाती है, लेकिन रात 9 बजे तक लौट आती है। मैं मंदिर चली गई थी। मैं उसका ही इंतजार कर रही हूं।
इसके बाद हम लोगों ने अन्य रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं मिला। फिर हम सभी लोग नगर पालिका अध्यक्ष के साथ थाने गए। वहां थाना प्रभारी को बताया। उस समय किसी ने नहीं सोचा था कि मुस्कान की तलाश कुछ घंटों बाद एक दर्दनाक अंत तक पहुंच जाएगी।

पिता ने कहा- 15 दिन पहले इंदौर से आया था रितिक
भास्कर टीम ने रितिक के पिता राकेश से बात की। उन्होंने बताया कि रितिक 15 दिन पहले इंदौर से अशोक नगर आया था। घटना वाले दिन वह शाम करीब 4 बजे घर से निकला था। रात करीब 8 बजे कुछ देर के लिए वापस लौटा, लेकिन चला गया।
रात 10 बजे रितिक के भाई के पास एक व्यक्ति का फोन आया। उसने बताया कि रितिक के सोशल मीडिया अकाउंट से एक युवती के साथ कुछ फोटो और वीडियो पोस्ट किए गए हैं। शुरुआत में परिवार को लगा कि शायद किसी ने उसका अकाउंट हैक कर लिया है, इसलिए उन्होंने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई।

कार के अंदर पिस्टल, बुलेट और ब्लड भी पड़ा था।
लड़की का सिर फटा था, गले की हड्डी के पास घाव थे
जिला अस्पताल के डॉक्टर राजकुमार जैतवार ने बताया कि डॉक्टरों के पैनल ने शवों का परीक्षण किया। युवती का सिर फटा था। गहरा घाव था, जिससे खून बह रहा था। गले की हड्डी के पास दो कट थे, जो कि मांसपेशियों की गहराई तक हैं। नाक से भी खून आ रहा था। इसके अलावा शरीर में कहीं घाव के निशान नहीं मिले।
डॉ. जैतवार ने बताया कि महिला डॉक्टरों का कहना था कि गर्भाशय ठीक है। रेप जैसे कोई स्थिति नहीं मिली है। विसरा भी जब्त किए गए हैं। हो सकता है कहीं जहरीला पदार्थ खाया हो तो उसकी भी पुष्टि हो जाएगी। डॉक्टरों का कहना है युवक के सिर में गोली के निशान मिले हैं।

रितिक के सिर पर गोली लगने के निशान दिखे और उसका चेहरा भी झुलसा हुआ था।
8.30 बजे सीसीटीवी में जाते दिखी मुस्कान
पुलिस के अनुसार, मुस्कान 8:30 बजे सीसीटीवी फुटेज में घर से निकलती हुई दिखाई दी है। इसके बाद दोनों ईसागढ़ रोड पर निकल गए। एसपी राजीव कुमार मिश्रा के मुताबिक, कार से दो पन्ने का सुसाइड नोट मिला है। पास में ही मोबाइल फोन भी पड़े हुए थे।
शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि रितिक ने मुस्कान की हत्या कर सुसाइड कर लिया। पिछली सीट कुछ जली मिली है। संभवतः कार में आग भी लगाई होगी। एफएसएल टीम ने मौके का मुआयना किया है। एसआईटी जांच कर रही है। इसमें दो टीआई, एक सब इंस्पेक्टर और साइबर टीम एक्सपर्ट की 6 सदस्यीय टीम शामिल हैं।

इंदौर में हुई थी दोस्ती, एक कंपनी में साथ काम किया
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि रितिक और मुस्कान दो से तीन साल से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों की पहचान इंदौर में हुई थी, जहां उन्होंने एक ही कंपनी में करीब दो साल तक साथ काम किया था। वे लंबे समय तक संपर्क में रहे।परिजन के अनुसार- मुस्कान ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी और वह इंटीरियर डिजाइनिंग के क्षेत्र में काम करती थी। कुछ समय पहले वह इंदौर से वापस अशोक नगर आ गई थी। वहीं रितिक इंदौर में ही रह रहा था, जहां उसने ज्वेलरी से जुड़ा कारोबार शुरू कर लिया था।