
19 अगस्त 2026… मध्य प्रदेश में मैहर और लाड़ली बहनों का दिन था…
19 अगस्त 2026 की तारीख मैहर जिले के लिए खास बन गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस दिन न केवल मैहर से प्रदेश की सवा करोड़ लाड़ली बहनों को नैहर की नेग सहित 1750 रूपए की राशि भेंट की बल्कि मैहर के लिए भी सौगातों का पिटारा खोल दिया। लाड़ली बहना योजना की प्रति माह दी जा रही 1500 रुपये की राशि में 250 रूपए नैहर की नेग के मिलाकर राखी का त्यौहार मनाया गया। नैहर का मतलब मायका और नेक का मतलब शगुन। इसीलिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बहन-बेटियां हमारे घर-आंगन की रौनक हैं। बहन-बेटियों का मान-सम्मान और इनका आर्थिक सशक्तिकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बड़ी बात यह है कि शारदा माई के मैहर में बहनों का मान रखा गया तो नए जिले मैहर के सम्मान में भी मोहन ने कोई कमी नहीं रखी। नया जिला है तो निश्चित तौर से संसाधनों और आधारभूत संरचना की पूर्ति यहां धीरे-धीरे हो रही है। लेकिन मुख्यमंत्री के आने से 19 अगस्त 2026 को मैहर को भी नैहर के नेग की तरह सौगातों के सम्मान से नवाजा गया। वास्तव में, मैहर के लिए यह आम दिन बेहद खास बन गया। राज्यस्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर में मां शारदा भवानी के दर्शन कर पहले खुद आशीर्वाद लिया, तो बाद में मैहर पर भी अपना प्रेम बरसाया। और प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख लाड़ली बहनों का आशीर्वाद लिया। मोहन ने कहा कि हर साल रक्षाबंधन से पहले बहनों को 250 रुपए का शगुन भी भेजा जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर जिले में लगभग 256 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 25 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।
मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि मैहर नया जिला बना है। मैहर में 20 साल से विकास की गति रुकी हुई थी, लेकिन अब यह जिला तेजी से तरक्की कर रहा है। तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने चिर-परिचित अंदाज में मैहर के विकास के लिए खजाना खोल दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर जिले में चल रहे विकास कार्यों को और भी गति देते हुए घोषणा करते हुए कहा कि मैहर जिले के बदेरा पहाड़ में 132 केवीए का सब स्टेशन बनाया जायेगा। तो दूसरी घोषणा कि मैहर में 25 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक स्टेडियम बनाया जायेगा। तीसरी सौगात यह कि लिलजी जलाशय का 50 करोड़ रुपए की लागत से नवीनीकरण किया जाएगा। चौथा तोहफा मैहर में एक बड़ा सर्व सुविधायुक्त अस्पताल बनाया जाएगा। तो इसके अलावा मैहर में 5000 गौवंश क्षमता की बड़ी गौशाला बनेगी। घुनवारा में आईटीआई संस्थान बनेगा, स्कूल का उन्नयन किया जाएगा। लाड़ली बहना सम्मेलन में आईं आल्हा गायकों की सभी समितियों को 25-25 हजार रुपए का नगद पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई।। इसके अलावा भी मैहर जिले के लिए बहुत कुछ देने का सिलसिला चलता रहा। मैहर में 9 करोड़ रुपए की लागत से मां शारदा लोक निर्माण के पहले चरण का भूमि-पूजन भी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर में 48 करोड़ 24 लाख रुपए की लागत से सांदीपनि विद्यालय, 7 करोड़ 58 लाख की लागत से ताला में शासकीय महाविद्यालय भवन, 3 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से अमरपाटन में 30 सीटर बालक छात्रावास तथा आवास का लोकार्पण किया। उन्होंने 21 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से बठिया-चोरहटा, बंधी बैरागल, खमरिया-पनिहा-कुशमी-झुकेही और ग्राम पंचायत जमताल में सड़क निर्माण कार्यों तथा 19 करोड़ से अधिक की लागत से जनपद पंचायत मैहर, अमरपाटन और रामनगर में जल गंगा संवर्धन अभियान से जुड़े 1 हजार 69 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 2 करोड़ 51 लाख रुपए की लागत से पुलिस कंट्रोल रूम, 1 करोड़ 47 लाख की लागत से जूरा में नवीन शासकीय हाईस्कूल भवन और 59 लाख रुपये की लागत से परशुराम धर्मशाला भवन का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 151 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से 12 विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। इसके अंतर्गत लगभग 54 करोड़ रुपए की लागत से मैहर में धनवाही माइक्रो सिंचाई परियोजना का भूमि-पूजन शामिल है, इससे 3500 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 41 करोड़ की लागत से रामनगर में सांदीपनि विद्यालय का भूमि-पूजन भी किया।
इसीलिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री तथा मैहर जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन से पहले मैहर को बड़े विकास कार्यों की सौगात मिली है। मां शारदा लोक निर्माण के पहले चरण के कामों का भूमि-पूजन भी आज हो गया है। माई की कृपा से मैहर जिले का तेजी से विकास हो रहा है। यह बात सही ही है कि 19 अगस्त 2026… मध्य प्रदेश में मैहर और लाड़ली बहनों का दिन था…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।