भोपाल में छात्रा की ट्विशा जैसी संदिग्ध मौत: मां का दावा- बेटी के घर 3 घंटे तक मौजूद था बॉयफ्रेंड, आखिरी इंस्टाग्राम मैसेज और CCTV फुटेज से गहराया रहस्य; 24 दिन बाद भी FIR नहीं

यह वह आखिरी मैसेज था, जो भोपाल में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही एक युवती के इंस्टाग्राम अकाउंट से उसके बॉयफ्रेंड को भेजा गया था। 18 वर्षीय ख्याति जैन की 11 मई 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।तब से 3 जून तक 24 दिनों में ख्याति की मां वर्षा जैन ने थाने से लेकर पुलिस कमिश्नर तक कई शिकायती आवेदन दिए। उन्होंने बेटी की मौत के मामले को भोपाल की एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत से जोड़ते हुए हत्या की आशंका जताई है।

छात्रा ख्याति ने मौत से पहले बॉयफ्रेंड को मैसेज भेजे थे।

उन्होंने पुलिस जांच पर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि परिस्थितियां और उपलब्ध सबूत आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या की ओर इशारा करते हैं, लेकिन पुलिस अब तक एफआईआर दर्ज नहीं कर सकी है।

मां का आरोप है कि पुलिस विसरा रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें थाने से लौटा देती है। उनका यह भी कहना है कि पुलिस ने अब तक घटना के समय मौके पर मौजूद उनकी बेटी के बॉयफ्रेंड के बयान तक दर्ज नहीं किए हैं।इधर, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार ख्याति ने मौत से पहले करीब 24 घंटे तक खाना नहीं खाया था। उसकी बांयीं कलाई पर कट के दो निशान भी मिले हैं। पोस्टमॉर्टम के दौरान शव करीब 24 घंटे पुराना बताया गया।

ख्याति जैन भोपाल में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।

मां बोली- उस दिन मेरा सोनकच्छ में इंटरव्यू था

ख्याति की मां वर्षा जैन ने बताया कि घटना वाले दिन उनका सोनकच्छ के एक स्कूल में इंटरव्यू था, इसलिए वह सुबह घर से निकल गई थीं। इसी दौरान उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। उनका कहना है कि वह बेटी के अपने क्लासमेट तनीष के साथ संबंधों का विरोध करती थीं। इसी बात से वह नाराज था और उसी ने उनकी बेटी को मौत के घाट उतारा।

मां ने दावा किया कि तनीष ने कॉलोनी से निकलने के बाद पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जब मकान मालिक की पत्नी घर पहुंचीं, तब ख्याति मृत अवस्था में मिली।

घटना के दिन सबसे पहले तनीष ने दी थी सूचना

मां के अनुसार, घटना वाले दिन ख्याति की मौत की सूचना तनीष ने ही पुलिस और मुझे दी थी। वह सबसे पहले घर पहुंचा था, लेकिन ख्याति को अस्पताल नहीं ले गया। तनीष ने घर में प्रवेश करने का वीडियो भी बनाया, जिसे पुलिस को सौंपा गया है। इसी के साथ वह घर में दाखिल होते हुए सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ है।

मां का आरोप है कि मौत से पहले तनीष घर पहुंचा था और करीब तीन घंटे तक वहीं मौजूद रहा। इस बीच ख्याति की उनसे दो बार बात हुई, लेकिन उसने तनीष के घर में होने की जानकारी नहीं दी। वह घर से निकला और कुछ देर बाद दोबारा लौटा और सुसाइड की सूचना पुलिस और उन्हें दी।

मां वर्षा जैन ने बताया कि तनीष ने घर में घुसने का एक वीडियो भी बनाया था।

दो साल पहले ही औबेदुल्लागंज से भोपाल आए

12वीं कक्षा पास करने के बाद ख्याति जैन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह दो साल से भोपाल की वर्धमान ग्रीन पार्क कॉलोनी स्थित एक मकान के फर्स्ट फ्लोर पर मां वर्षा जैन के साथ रह रही थी।

इससे पहले औबेदुल्लागंज में रहती थी। वहां उसकी मां टीचर का जॉब करती थीं। ख्याति का बॉयफ्रेंड तनीष चंद्रवंशी उसका क्लासमेट रहा है। दोनों की मुलाकात औबेदुल्लागंज में हुई थी। ख्याति के भोपाल आने के बाद तनीष भी यहीं रहकर पढ़ाई करने लगा था। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था।

सीसीटीवी में ख्याति का बॉयफ्रेंड तनीष घर में दाखिल होता हुआ दिख रहा है।

मां ने कहा- तनीष के पास था इंस्टाग्राम का एक्सेस

ख्याति के इंस्टाग्राम अकाउंट से आखिरी मैसेज बॉयफ्रेंड तनीष उर्फ तनु को भेजा गया था। मैसेज में ख्याति ने रोज के विवाद और मानसिक परेशानी का जिक्र किया था। मां द्वारा मारपीट का जिक्र भी किया, जबकि मां वर्षा जैन का कहना है कि बेटी जिस तरह की भाषा में आमतौर पर मैसेज करती थी, यह उसकी सामान्य टेक्स्ट लैंग्वेज नहीं थी।

उनका दावा है कि ख्याति के इंस्टाग्राम अकाउंट का एक्सेस तनीष के पास भी था और पूरे मामले को दूसरी दिशा देने के लिए यह पोस्ट की गई हो सकती है।

वह मैसेज जो तनु को भेजा गया था…

आईएम सॉरी, तनु बेबी… मुझे यह करना पड़ रहा है। मैं बहुत तंग आ गई हूं। मैं मम्मी के साथ रोज-रोज की लड़ाई नहीं झेल सकती। बचपन से इन्होंने मुझे कभी खुश नहीं रखा। प्राची मौसी की शादी के दिन भी नाटक हुआ था। इनकी लड़ाइयां मेरे नाना को भी परेशान कर देती हैं। इनकी वजह से मेरे नाना को हार्ट अटैक आ गया था। ये किसी का नहीं सोचती हैं। बचपन में मुझ पर बैठकर कैंची मेरे मुंह में डाल देती थीं।मैं तुमसे बात कर खुश हो जाती थी और तुम मुझसे मिलते भी थे, लेकिन अब इन्हें यह भी नहीं पचता है। कहती हैं कि मैं झूठ बोलती हूं और सबसे कह देती हैं कि मैं भाग गई।

सबसे बड़ी चीज यह कि जिस इंसान ने मुझे बैड टच किया। उसका सबूत देखने के बाद भी मेरी मां अगर यही कहे कि वह मेरा वहम था तो फिर मुझे नहीं जीना। मैंने उसी दिन तय कर लिया था कि मुझे नहीं जीना है। आज मौका मिल गया। इन्होंने संजना से भी मेरे बारे में इतना कुछ झूठ कहा था।तनु, मैंने तुम्हारे साथ बहुत अच्छा टाइम स्पेंड किया है। मुझे इतने समय तक जिंदा रखने के लिए थैंक यू। मैंने आज तुम्हें लास्ट टाइम बुलाया था, ताकि एक बार मिल सकूं।

ख्याति ने एक और मैसेज किया…

बस मेरी एक लास्ट विश रह गई है कि तुम मेरी मांग में सिंदूर भरो। जो काम जीते-जी नहीं हो पाया। मम्मी का ध्यान रखना। तनु, आई लव यू। मैं अपनी मां से भी प्यार करती हूं। मेरे मरने के बाद ही तुम्हें यह मैसेज मिलेगा। मां, आखिरकार आपने मेरी जान ले ही ली

पुलिस फिलहाल सुसाइड मानकर कर रही जांच

फिलहाल, अशोका गार्डन पुलिस ख्याति की मौत को सुसाइड मानकर जांच कर रही है। दैनिक भास्कर ने ख्याति की मां के आरोपों को लेकर अशोका गार्डन पुलिस समेत वरिष्ठ अधिकारियों से उनका पक्ष जानने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने व्यस्तता का हवाला देते हुए कोई जवाब नहीं दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *