भोपाल के करोंद में रविवार रात मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा के बयान पर सियासत गर्मा गई। उन्होंने मंच से कहा कि “करोंद चौराहे से मिसाइल छोड़ो तो काजी कैंप में जाकर गिरे।”
इसके तुरंत बाद शर्मा ने सफाई दी कि उनका आशय भोपाल के काजी कैंप से नहीं, बल्कि इस्लामाबाद वाले काजी कैंप से था।बयान को लेकर कांग्रेस के मीडिया को-ऑर्डिनेटर अब्बास हाफिज ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मामले पर सरकार का रुख स्पष्ट करने और विधायक के बयान पर कार्रवाई को लेकर जवाब देने की मांग की है।

कहा- पाकिस्तान में भी मटकी फोड़ प्रतियोगिता होगी
करोंद के भगत सिंह चौराहे पर आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता में रामेश्वर शर्मा ने हिंदू एकता, राष्ट्रवाद और आतंकवाद पर बात की। उन्होंने कहा कि हिंदू एकता केवल मटकी फोड़ने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज को हर स्तर पर एकजुट रहना चाहिए।
पाकिस्तान का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब लाहौर, ढाका और इस्लामाबाद में भी मटकी फोड़ प्रतियोगिता होगी। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या वे इस्लामाबाद में मटकी फोड़ना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने कहा कि वहां मटकी फोड़ने के लिए पहले वहां की मटकी फोड़नी पड़ेगी।
हिंदू समाज से जातियों में नहीं बंटने की अपील की
रामेश्वर शर्मा ने हिंदू समाज से जातियों में नहीं बंटने की अपील की। उन्होंने जातिगत पहचान से पहले हिंदू और भारतीय होने की पहचान रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के लिए समर्पित लोगों का सम्मान होना चाहिए और मातृभूमि के प्रति निष्ठा हर नागरिक का कर्तव्य है।
भोपाल नहीं, इस्लामाबाद वाला काजी कैंप कहा-शर्मा

कांग्रेस बोली- इस्लामाबाद में काजी कैंप कहां है?
अब्बास हाफिज ने विधायक की सफाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि इंटरनेट पर पाकिस्तान में काजी कैंप नाम की कोई जगह नहीं मिलती। उन्होंने पूछा कि विधायक आखिर किस काजी कैंप की बात कर रहे थे।
हाफिज ने कहा कि भोपाल के काजी कैंप जैसे इलाके के बारे में सार्वजनिक मंच से मिसाइल गिराने की बात करना निंदनीय है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या सरकार इसे सामान्य मानती है और विधायक के बयान पर क्या कार्रवाई की जाएगी।
