भोपाल में एक बंद मकान से रेलवे और स्वास्थ्य विभाग से रिटायर्ड दंपती के शव मिले हैं। दो दिन तक घर से बाहर नहीं निकलने और तेज दुर्गंध आने पर किराएदार छात्रों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी, जहां दोनों मृत मिले।
घटना ऐशबाग थाना क्षेत्र के सुदामा नगर की है। मृतकों की पहचान 64 वर्षीय हेमंत बारीक और उनकी 62 वर्षीय पत्नी शकुंतला बारीक के रूप में हुई है। हेमंत बारीक रेलवे से रिटायर्ड कर्मचारी थे, जबकि शकुंतला बारीक कस्तूरबा अस्पताल से नर्स के पद से सेवानिवृत्त हुई थीं।

बेटा विदेश में, घर में पति-पत्नी रहते थे
जानकारी के मुताबिक, घर में पति-पत्नी ही रहते थे। उनके मकान के एक हिस्से में छात्र किराए से रहते हैं। दंपती का बेटा विदेश में अपने परिवार के साथ रहता है। पुलिस ने उसे सूचना दे दी है। फिलहाल शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस को सुसाइड करने की आशंका
छात्रों ने बताया कि पिछले दो दिनों से दंपती घर से बाहर नहीं निकले थे। शुक्रवार को घर से तेज दुर्गंध आने लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर ऐशबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची।शुरुआती जांच में घटनास्थल पर जबरन प्रवेश या संघर्ष के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा