शराब के नशे में इंसान कुछ भी करने लगता है या असल में उसका असली चेहरा सामने आ जाता है? अमेरिका में आए एक मामले ने इस सवाल को फिर से खड़ा कर दिया है. अमेरिका घूमने आए कनाडा के एक टूरिस्ट को जानवरों के प्रति क्रूरता का दोषी पाया गया है.

लास वेगास में फ्लेमिंगो चुराने के बाद पर्यटक दोषी पाया गया
उसने शराब के नशे में धुत होकर लास वेगास में एक फ्लेमिंगो को उसके बाड़े से निकाला और अपने होटल के कमरे में ले आया. इसका वीडियो वायरल है और सब यही सवाल कर रहे हैं कि इस इंसान में इंसानियत नाम की चीज है भी या नहीं.
क्या है पूरा मामला?
अमेरिका के इस शहर को इंटरटेनमेंट कैपिटल ऑफ वर्ल्ड कहते हैं. लोग अमूमन यहां पार्टी करने की हाते हैं. लेकिन यहां आए कनाडा के टूरिस्ट मिशेल फेयरबार्न ने कुछ और ही करने की ठानी. मार्च में उसने ‘फ्लेमिंगो लास वेगास होटल एंड कैसीनो’ से ‘पीची’ नाम के एक चिली फ्लेमिंगो को उठा लिया था.
अब उसके मुकदमे के दौरान इस पूरे कांड का वीडियो दिखाया गया. इसमें मिशेल फेयरबार्न मुस्कुराते हुए पक्षी की गर्दन पकड़े हुए लिफ्ट से अपने कमरे की ओर जाते दिख रहे हैं. उन्होंने गवाही दी कि इस घटना से पहले उन्होंने 30 से 40 बीयर पी रखी थीं. उन्होंने कहा कि उनका मकसद जानवर को नुकसान पहुंचाना नहीं था. लेकिन अब उनकी हरकत के लिए उन्हें लगभग पांच साल की जेल हो सकती है.
दर्द में कराह रहा था फ्लेमिंगो
जानवरों के विशेषज्ञों ने गवाही दी कि फेयरबार्न की इस हरकत की वजह से फ्लेमिंगो के पंख उखड़ गए थे और उसका काफी खून बह गया था. फेयरबार्न के वकील ने कहा कि उनका मकसद सिर्फ एक प्रैंक करना था, और उन्होंने गलत फैसलों के लिए शराब के नशे को जिम्मेदार ठहराया. फेयरबार्न के वकील जोश टॉमशेक ने कहा, “उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था, बाड़े के अंदर नहीं जाना चाहिए था, पक्षी को छूना नहीं चाहिए था और पीची को अपने साथ अंदर नहीं ले जाना चाहिए था… सच तो यह है कि मिच नशे में थे. मिच ने बेवकूफी की. उन्होंने गलत फैसले लिए.”
अमेरिका छोड़ने की इजाजत नहीं
अपने बचाव में गवाही देते हुए, 34 साल के फेयरबार्न ने कहा कि उसे पक्षी को ले जाना फनी लगा. उसने बताया कि वह पूरी रात जागकर शराब पीता रहा था और अभी-अभी एक दोस्त से फोन पर बात खत्म की थी, तभी उसने उस पक्षी को लेकर भाग जाने का फैसला किया. कोर्ट की जूरी को उसे जानवरों के साथ दुर्व्यवहार के गंभीर और कम गंभीर अपराधों का दोषी ठहराने में लगभग पांच घंटे लगे. अपनी गिरफ्तारी के बाद से फेयरबार्न अमेरिका से बाहर नहीं जा पाया है. वह लास वेगास में नजरबंद (हाउस अरेस्ट) है, और दिसंबर में उसे सजा सुनाए जाने की सुनवाई होनी है.