शहर के बेतरतीब यातायात को सुधारने के लिए सिटीजन कॉप फाउंडेशन आगे आया

 

पुलिस कमिश्नरी लागू होने के एक माह में बहुत से नवाचार हुए हैं। अपराध पर नियंत्रण के साथ ही यातायात प्रबंधन में भी नित नये सुधार शहर में दिखाई देने लगे हैं।

पुलिस कमिश्नर श्री हरिनारायणाचारी मिश्र के मार्गदर्शन में डीसीपी ट्रैफिक श्री महेश चंद्र जैन द्वारा शहर के बेतरतीब यातायात को सुधारने का जिम्मा लिया गया है। इस हेतु सिटीजन कॉप फाउंडेशन के श्री राकेश जैन का भी सहयोग लिया गया है।

 

महानगर बनते हुए इंदौर में सीमित संसाधनों और ट्रैफिक जवानो की सीमित संख्या के बीच आम जनता की सहभागिता निस्संदेह एक सुखद परिवर्तन ला सकती है।

जनता को पुलिस से जोड़ने के लिये इंदौर पुलिस द्वारा सिटीजन कॉप एप का उपयोग किया जाता रहा है और इसी एप के द्वारा अब लोगो को यातायात प्रबंधन मित्र बनाने की पहल शुरू की जा रही है। कोई भी व्यक्ति या संस्था यातायात प्रबंधन मित्र बनने के लिये स्वयं या संस्था को सिटीजन कॉप एप के माध्यम से पंजीकृत कर सकते हैं।  उनके आवेदन को पुलिस विभाग द्वारा चयन कर उनका सहयोग लिया जायेगा।  साथ ही उनके द्वारा किए गए सहयोग के लिए उन्हें सम्मानित भी किया जायेगा।  उन्हें सिटीजन कॉप एप के माध्यम से ई सर्टिफिकेट भी दिया जायेगा।

साथ ही यातायात  पुलिस के जवानों की जिम्मेदारी तय करने हेतु, उनकी निर्धारित ड्यूटी के स्थान पर, QR कोड के माध्यम से उनकी उपस्थिति लगाने का कार्य भी शुरू किया जा रहा है। यातायात पुलिस के हर अधिकारी कर्मचारी को उनकी निर्धारित ड्यूटी के स्थान पर लगे QR कोड को स्कैन करना होगा और ड्यूटी पर आने और वापस जाने का समय पंच करना होगा।

साथ ही आम जन भी सिटीजन कॉप एप के फाइंड ट्रैफिक कॉप फीचर के माध्यम से चौराहों पर लगे QR कोड स्कैन करके यह जान सकेंगे कि उस स्थान पर किसकी ड्यूटी तय है। इस तरह पुलिस के जवानो की जिम्मेदारी तय करने और जन भागीदारी से यातायात सुधार की निरंतर कोशिश जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *