
मिशन-2028 के लिए कांग्रेस की संगठन को मजबूत करने की यात्रा…
कांग्रेस यह बात अच्छी तरह से समझ गई है कि बिना संगठन की मजबूती के सत्ता की मंजिल नहीं पाई जा सकती है। मध्य प्रदेश में भाजपा से कड़े मुकाबले में कांग्रेस को कहीं ना कहीं संगठन की वजह से मात खाने को मजबूर होना पड़ रहा है। और इसीलिए कांग्रेस यह बात समझ गई है कि मध्य प्रदेश में सत्ता के वनवास को खत्म करने के लिए संगठन की मजबूती ज़रूरी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पूरी ऊर्जा के साथ मध्य प्रदेश में संगठन की मजबूती को लेकर काम कर रहे हैं।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, भोपाल में जबलपुर, सागर एवं नर्मदापुरम, इंदौर संभाग की संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना, संगठन के विस्तार और जमीनी स्तर पर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में संगठन महामंत्री संजय कामले एवं प्रदेश महासचिव गौरव रघुवंशी सहित चारों संभागों के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी,
विधानसभा प्रभारी तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिला, विधानसभा एवं बूथ स्तर तक निरंतर सक्रियता, समर्पित कार्यशैली और प्रभावी जनसंपर्क की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप कार्यों को गति देने पर भी चर्चा हुई।बैठक का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सशक्त बनाना, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना रहा। प्रदेश कांग्रेस आगामी समय में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देते हुए जनहित के मुद्दों पर अपनी सक्रियता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।बैठक के दौरान जिला एवं विधानसभा स्तर पर संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठनात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही, आगामी दिनों में पार्टी की रणनीति को प्रभावी ढंग से लामू नमस्ते 91 62686 05338, संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया गया।
सैद्धांतिक तौर पर कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की लंबी यात्रा पहले ही कर ली है। कांग्रेस ने पिछले बीस साल में सत्ता से दूर रहने के साथ-साथ हमेशा हार की मुख्य वजह संगठन की कमजोरी को माना है। अब, लगता है कि व्यावहारिक तौर पर कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के लिए कमर कस ली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में यह मुहिम कितनी सफल हो पाती है इसका प्रमाण विधानसभा चुनाव 2028 के परिणामों में ही मिलेगा… हालाँकि मिशन-2028 के लिए संगठन को मजबूत करने की कांग्रेस की यात्रा जारी है, इसे बेहतर और संभावनाओं भरा माना जा सकता है।…

कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।