दिल्ली में पुलिसवालों पर हमला: आंखों में मिर्च पाउडर डाला, लाठी-डंडों से पीटा, बाइक जब्ती विवाद का वीडियो वायरल

नई दिल्‍ली:पुलिसवालों की आंखों में मिर्च पाउडर डाला और फिर उनकी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, ये किसी दूर-दराज के इलाके की नहीं, बल्कि देश की राजधानी की घटना है. दिल्‍ली के भलस्वा डेयरी थाना इलाके में पहले कुछ स्‍थानीय लोगों ने पुलिसवालों पर हमला कर दिया,

जिसका वीडियो भी सामने आया है. दिल्‍ली में हुए इस घटना ने पिछले दिनों लखनऊ के पारा इलाके में अवैध डेयरी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस पर हुए हमले की घटना की यादों को ताजा कर दिया. पारा इलाके में दारोगा का गला दबाकर उसकी लाठी-डंडों से पिटाई की गई थी.

बाइक जब्‍त का मामला बना विवाद

ताजा मामला बाहरी उत्तर जिले में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों पर हमला करने का सामने आया है. भलस्वा डेयरी थाना इलाके के मुकुंदपुर स्थित जनता विहार में बाइक की जांच के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को बिना वैध दस्तावेजों के पाया था. पुलिस ने नियम के मुताबिक, बाइक को जब्त कर थाने में जमा करा दिया था. इसी कार्रवाई से नाराज बाइक मालिक और उसके परिवार के कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से झगड़ा किया और देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया.

पूरा परिवार पुलिसवालों से भिड़ गया

के मुताबिक, 22 अगस्त की दोपहर करीब 3 बजे भलस्वा डेयरी थाने के बीट स्टाफ में तैनात हेड कांस्टेबल दिनेश और हेड कांस्टेबल राजेश जनता विहार इलाके में गश्त और चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें एक ऐसी मोटरसाइकिल मिली, जिसके पास वैध दस्तावेज नहीं थे. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को थाने लाकर दिल्ली पुलिस एक्ट की धारा 66 के तहत जमा करा दिया. करीब आधे घंटे बाद, यानी 3:30 बजे जब दोनों पुलिसकर्मी वापस बीट पर पहुंचे, तभी बाइक का मालिक और उसके परिवार के कुछ लोग वहां पहुंच गए. उन्होंने पुलिस से बाइक ले जाने की कार्रवाई को लेकर सवाल-जवाब शुरू कर दिया. पुलिस का आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपी अचानक हिंसक हो गए और उन्होंने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया.

पुलिसवालों की आंखों डाला मिर्च पाउडर!

आरोप है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया. इसके बाद ईंट और डंडों से पुलिसकर्मियों को पीटा गया. पुलिसकर्मियों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल टीनू को भी आरोपियों ने निशाना बनाया. इस हमले में तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए. हेड कांस्टेबल दिनेश के सिर में चोट आई है. तीनों को मेडिकल सहायता दी गई और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर ही एक आरोपी को पकड़ लिया. पकड़ा गया आरोपी 17 साल का किशोर है, जिसे पुलिस ने जुवेनाइल इन कॉन्फ्लिक्ट विद लॉ यानी JCL के तौर पर हिरासत में लिया है. हालांकि, इस दौरान हमले में शामिल बाकी आरोपी मौके से फरार हो गए.

मुख्‍य आरोपी अब भी फरार

इस मामले में भलस्वा डेयरी थाने में  बीएनएस की धारा 221, 132, 121(1), 110, 61 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं. पुलिस के मुताबिक, मामले का मुख्य फरार आरोपी सुनील उर्फ पंकज इलाके का बीसी यानी बैड कैरेक्टर है. उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें एडीपीस एक्ट के दो मामले और गंभीर आपराधिक वारदातों से जुड़े मामले भी शामिल हैं.

दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अब फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *