मुरैना जिला मुख्यालय पर पदस्थ डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर को पुलिस ने रेप केस में गिरफ्तार कर लिया है। एक युवती ने माहौर के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और कार-फ्लैट में बलात्कार का आरोप लगाया है।
आरोपी डिप्टी कलेक्टर को पुलिस ने रात में गिरफ्तार किया है
सिविल लाइन थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर डिप्टी कलेक्टर के खिलाफ बीएनएस की धारा 69, 351(1), 351(3) और 225 के तहत मामला दर्ज किया है।टीआई सिविल लाइन उदय भान यादव ने बताया कि आरोपी डिप्टी कलेक्टर को रात में गिरफ्तार किया है। गुरुवार को मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेश करेंगे। कोर्ट में पेशी से पहले आरोपी डिप्टी कलेक्टर थाने में आराम से टहलते हुए मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते दिखे।गिरफ्तारी के बाद अरविंद माहौर का ब्लड प्रेशर बढ़ गया था। इसके चलते सुबह करीब 4 बजे उनका इलाज कराया गया, जिसके बाद हालत ठीक बताई जा रही है।मामले में आरोपी डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर से पेशी में जाने के दौरान बात की। आरोपों से जुड़े सवालों पर उन्होंने कहा- सब गलत है। लड़की ने सिर्फ एफआईआर कराई है। अभी मैं आरोपी साबित नहीं हुआ हूं। बाद में बात करता हूं

फेसबुक पर दोस्ती, शादी का प्रस्ताव दिया
सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने बुधवार (3 जून) रात थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर से उसकी दोस्ती फेसबुक पर हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई। माहौर ने उसे शादी का प्रस्ताव दिया, जिस पर वह राजी हो गई।

30 मार्च 2025 से 3 जून 2026 तक शोषण
पीड़िता का आरोप है कि 30 मार्च 2025 को माहौर उसे घर के पास से कार में बैठाकर मुरैना के रेस्ट हाउस ले गए। वहां कार में उसकी मर्जी के खिलाफ संबंध बनाए।इसके बाद वे उसे तत्कालीन एसडीएम के रूप में सबलगढ़ स्थित सरकारी आवास और फिर ग्वालियर स्थित फ्लैट पर ले गए। यहां भी शारिरिक संबंध बनाए।पीड़िता का कहना है कि यह सिलसिला 30 मार्च 2025 से 3 जून 2026 तक चलता रहा। अब माहौर शादी से मुकर रहे हैं और शिकायत करने पर परिवार को खत्म करने की धमकी दे रहे हैं।

महिलाओं से गलत सलूक पर सस्पेंड हो चुके
अरविंद माहौर का विवादों से पुराना नाता रहा है। एक छात्रा से रात में फोन पर बात करने का दबाव बनाने का आरोप लगा था। तब पीड़िता का परिवार जनसुनवाई में कलेक्टर के पास ग्वालियर से मुरैना पहुंचा था।इसके बाद 19 सितंबर 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महिलाओं से गलत आचरण और बदसलूकी को लेकर चंबल कमिश्नर को माहौर को सस्पेंड करने के निर्देश दिए थे।
थप्पड़ कांड में भी रहे हैं विवादित
- गार्ड को मारा था थप्पड़: साल 2025 में एक निजी होटल के कार्यक्रम में कार पार्किंग को लेकर उन्होंने गार्ड को थप्पड़ मारा था। घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी।
- जनसुनवाई में ग्रामीण से बदसलूकी: 2025 में सबलगढ़ एसडीएम रहते हुए जनसुनवाई में एक ग्रामीण को थप्पड़ मारकर भगाने का वीडियो सामने आया था।