
इंदौर की विधानसभा 4 में विधायक पुत्र को लेकर हो रहे विरोध के बाद अब खुद बीजेपी विधायक मालिनी गौड़ को सफाई देना पड़ी है। दरअसल सोशल मीडिया में एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा था कि विधानसभा चार की मौजूदा विधायक मालिनी गौड़ के द्वारा अपने बेटे को टिकट दिलवाने के लिए संगठन में बात कर रही है और एकलव्य गौड़ को टिकट लगभग तय कर दिया गया है।
तेजी से वायरल हुए मैसेज के बाद पूर्व महापौर और वर्तमान में बीजेपी विधायक मालिनी गौड़ को खुद वीडियो जारी कर सफाई देनी पड़ गई। वीडियो जारी करते हुए मालिनी गौड़ ने कहा कि उनके द्वारा संगठन में किसी से भी अपने बेटे एकलव्य को टिकट दिलाने के लिए बात नहीं की गई है।
संगठन से समय समय पर जो जिम्मेदारी दी गयी उसे ईमानदारी से निभाया है। मालिनी गौड़ ने कहा की यह निर्णय पार्टी का होता है, हम सिर्फ पार्टी के विचार पर काम करते है। टिकट के लिए हमारा कोई अधिकार नहीं होता है।
आज सुबह से तेजी से वायरल हो रहा था मैसेज
इंदौर के कई व्हाट्सएप ग्रुप और कई अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह मैसेज काफी तेज से वायरल हो रहा था कि इंदौर के चार नम्बर विधानसभा क्षेत्र से संगठन ने एकलव्य गौड़ के नाम पर सहमति दे दी है। और उनका टिकट तय माना जा रहा। साथ ही संगठन को भारी ‘जीत’ के आश्वासन साथ कुछ जरुरी दस्तावेज ऊपर हाई कमान के पास भेजे जा रहे है। बता दें कि इस मैसेज के वायरल होने के बाद ही विधायक मालिनी गौड़ को वीडियो जारी कर सफाई देनी पड़ी है