
तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन के पास लखनऊ से रामेश्वरम जा रही ट्रेन की एक बोगी में आग लग गई। मदुरै कलेक्टर ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 20 से ज्यादा लोग झुलसे हैं। मरने वालों में ज्यादातर लोग उत्तर प्रदेश के हैं। सीतापुर की एक ट्रेवल एजेंसी ने इस कोच की थर्ड पार्टी बुकिंग कराई थी। इसमें 63 लोग सफर कर रहे थे।
अधिकारियों के मुताबिक, प्राइवेट पार्टी कोच में आग लगी है। आग लगने की घटना की सूचना सुबह करीब 5.15 बजे मिली। जब ट्रेन मदुरै यार्ड जंक्शन पर रुकी हुई थी। इसके बाद 5.45 बजे फायर बिग्रेड ने आग बुझाने का काम शुरू किया। सुबह 7:15 बजे आग पर काबू पाया गया। सिर्फ प्राइवेट कोच में ही आग लगी है।
सिलेंडर लेकर सफर कर रहे थे यात्री
कोच में आग लगने का मुख्य कारण सिलेंडर रहा, जिसे अवैध तरीके से ले जाया जा रहा था। रेलवे के अनुसार, IRCTC से कोई भी कोच की बुकिंग कर सकता है, लेकिन सिलेंडर ले जाने पर रोक है। इसके बावजूद सिलेंडर लेकर कोई यात्री सवार हुआ। घटना वाली जगह पर डीआरएम समेत रेलवे के अधिकारी मौके पर हैं। झुलसे लोगों को गवर्नमेंट राजाजी कॉलेज मदुरै में भर्ती करवाया गया है।

लोग बचाओ-बचाओ चीख रहे
हादसे से जुड़ा दो वीडियो सामने आया है, जिसमें एक महिला और कई यात्री बचाओ-बचाओ चीख-चिल्ला रहे हैं। थोड़ी देर बाद ये आवाज शांत हो जाती है। फायर इंस्टीग्यूशर और पानी की बौछारें रेलवे कर्मी डाल रहे हैं। लेकिन, उसका असर आग पर नहीं हो रहा है।

आग की लपटें बढ़ती देख रेलवे ने फौरन अलग-बगल की बोगियों को अलग किया, जिससे कि आग दूसरी बोगियों में न फैल सके। आग से एक बोगी पूरी तरह जल चुकी है। मृतकों के परिवार को रेलवे ने 10 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया।
