आगर-मालवा में मधुमक्खियों का कहर: 9 साल के रमन की मौत, 30 मिनट तड़पता रहा मासूम—इलाज में देरी और स्कूल की लापरवाही पर सवाल

आगर–मालवा में मधुमक्खियों के हमले में 9 साल के मासूम की मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। घटना के बाद बच्चा आधे घंटे तक स्कूल के कार्यालय में तड़पता रहा। करीब आधे घंटे बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।

प्रशासन ने भी माना है कि बच्चे के इलाज में देरी हुई है। स्कूल प्रबंधन को भी नोटिस जारी किया गया है। घटना के बाद दैनिक भास्कर ने चश्मदीद छात्रों और उनके परिजन से बात की।बता दें कि सोयतकला के स्वामी विवेकानंद स्कूल में 10 अप्रैल को एग्जाम के दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था। इसमें रमन (9) पिता सज्जन सिंह कराड़ा की मौत हो गई थी। वह स्कूल में चौथी क्लास में पढ़ता था।

10 अप्रैल को स्कूल में मधुमक्खियों के हमले में रमन की मौत हो गई थी।

क्लासरूम में जाते समय टूट पड़ीं मधुमक्खियां

स्कूल में पढ़ने वाले छात्र के पिता ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि नर्सरी से 5वीं तक और 11 वीं की एग्जाम चल रही हैं। समय सुबह 9.45 बजे है। रिपोर्टिंग टाइम 9.15 बजे है। शुक्रवार को भी बच्चे तय समय पर स्कूल पहुंचे थे। एग्जाम के लिए बच्चे क्लासरूम में जा रहे थे।

इसी दौरान स्कूल में लगे छत्ते में से बड़ी संख्या में मधुमक्खियां टूट पड़ीं। बच्चे और स्टाफ खुद को बचाने के लिए इधर–उधर भागने लगे। वहां अफरा–तफरी मच गई। रमन मधुमक्खियों की चपेट में आ गया। उसे स्कूल के कार्यालय में करीब 25 मिनट तक बैठाया गया।इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने राजस्थान के झालावाड़ रेफर कर दिया। इधर, तय समय पर एग्जाम भी शुरू हो गई। करीब 11.15 बजे पर झालावाड़ से रमन की मौत की खबर आई, तब एग्जाम खत्म कर दी गई।

प्रिंसिपल के आने का इंतजार कर रहे

चश्मदीद छात्रों का कहना है कि रमन को समय पर अस्पताल पहुंचाया जाता, तो उसकी जान बच सकती थी। स्टाफ बच्चे को तुरंत उपचार दिलाने के बजाय प्रिंसिपल के आने का इंतजार करता रहा, जिससे करीब आधे घंटे की देरी हो गई।अन्य छात्र ने बताया कि बचने के लिए स्टाफ खुद क्लास में जाकर छिप गया। स्कूल का गेट भी बंद कर दिया। एक छात्र घायल रमन को बचाने के लिए बाहर जाना चाहता था, लेकिन उसे भी रोक दिया गया। इस भयावह स्थिति के बावजूद परीक्षा जारी रखी।

तस्वीर 7 अप्रैल को घर में शादी के दौरान की है। रमन ने गाने पर डांस किया था।

डॉक्टर बोले- शरीर पर 8 से ज्यादा जगह डंक मारे थे

सोयतकला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. मुकेश जाट का कहना है कि रमन के शरीर पर आठ जगह मधुमक्खी के डंक के निशान थे। इसके अलावा, सिर में भी कई जगह डंक लगे थे। गंभीर हालत में बच्चे को हॉस्पिटल करीब 9:50 बजे अस्पताल लाया गया था। उसे एंटी एलर्जिक इंजेक्शन लगाए थे। इसके बाद झालावाड़ रेफर किया गया था।

ऐसी चार से पांच घटनाएं हो चुकीं

स्कूल में कई जगह मधुमक्खियों की छत्ते हैं। छात्रों की मानें, तो चार से पांच बार मधुमक्खियां हमला कर चुकी हैं। एक वीडियो भी सामने आया है। यह 15 अगस्त 2025 का झंडा वंदन के समय का है।वीडियो में छात्र मधुमक्खियों के हमले के बाद खुद को बचाते दिख रहे हैं। छात्र बाहर गेट की तरफ भागते नजर आ रहे हैं। बड़ी बात ये है कि इसके बावजूद स्कूल की तरफ से ठोस कदम नहीं उठाए गए।

यह तस्वीर 15 अगस्त 2025 की है। झंडा वंदन के दौरान मधुमक्खियों ने हमला किया था।

स्कूल प्रबंधन को नोटिस, जांच कमेटी बनाई

अपर कलेक्टर आरपी वर्मा के निर्देश पर स्कूल प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। इसमें कहा है कि मधुमक्खियों के छत्तों की जानकारी के बावजूद उन्हें हटाने और सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए। साथ ही, आपात स्थिति से निपटने के लिए व्यवस्था नहीं थी।

प्रशासन ने माना कि घायल छात्र को प्राथमिक उपचार देने में देरी हुई, जिससे हालत बिगड़ गई। इसे जीवन सुरक्षा मानकों का उल्लंघन माना गया है।जिला शिक्षा अधिकारी महेश जाटव का कहना है कि दो सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है। तीन दिन में रिपोर्ट देना है। स्कूल संचालक को भी नोटिस देकर जवाब मांगा था, जो अभी तक हमारे सामने नहीं आया है। जिले के स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक स्थानों के लिए सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं।

स्कूल में घटना के बाद मधुमक्खियों के छत्ते हटा दिए गए।

प्रिंसिपल ने कॉल काटा, डायरेक्टर ने रिसीव नहीं किया

स्कूल का संचालन साल 2002-2003 से किया जा रहा है। वर्तमान में यहां करीब 1100 बच्चे पढ़ते हैं। घटना के बाद स्कूल की मैनेजिंग डायरेक्टर आरती उर्फ काजल जायसवाल से उनके मोबाइल नंबर पर सम्पर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।वहीं, स्कूल के डायरेक्टर जितेंद्र शर्मा ने कॉल कट कर दिया। ये भी बताया जा रहा है कि प्रबंधन ने स्टाफ को भी मीडिया से बात करने से मना कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *