
मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 12 दिसंबर को एक अजीब घटना घटी. एयरपोर्ट पर इंडिगो की मुंबई-अबू धाबी जाने की फ्लाइट पूरी तरह से तैयार थी. इस फ्लाइट में जाने वाले सभी यात्रियों ने अपना सामान कार्गो कंपार्टमेंट में रखवा दिया था. इस दौरान प्लेन के अंदर सामान रख रहे लोडर को अचानक नींद आ जाती है, वो कार्गो कंपार्टमेंट में ही सो गया. हालांकि संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी पहुंचने पर इसे सुरक्षित पाया गया.उड्डयन नियामक DGCA के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि प्लेन में सामान चढ़ाने के बाद इस कर्मचारी को नींद महसूस हुई और वह रविवार की फ्लाइट में कार्गो डिब्बे में सामान के पीछे सो गया. कार्गो का दरवाजा बंद था और प्लेन ने मुंबई एयरपोर्ट से उड़ान भरी.
अधिकारियों के अनुसार, प्लेन जब यूएई में अबू धाबी में लैंड हुआ तो अबू धाबी प्रशासन की ओर से इस लोडर का मेडिकल चेकअप किया गया जिसमें उसकी शारीरिक स्थिति स्थिर और सामान्य पाई गई. डीजीसीए अधिकारियों ने बताया कि अबू धाबी के अधिकारियों की ओर से मंजूरी मिलने के बाद इस ‘लोडर’ को इसी प्लेन के सामान्य यात्री के तौर पर मुंबई वापस भेजा गया. उन्होंने बताया कि घटना में शामिल एयरलाइन कर्मचारी को जांच पूरी होने तक हटा दिया गया है. घटना के बारे में पूछे जाने पर इंडिगो के प्रवक्ता ने न्यूज एजेंसी PTI से कहा, ‘हमें इस घटना के बारे में जानकारी है और अधिकारियों को जानकारी दे दी गई. मामले की जांच हो रही है. ‘