इंदौर। फंदे पर लटका मिला कॉलेज छात्र का शव, महिलाओं की तरह पहनी साड़ी मेकअप भी किया; हाथ बंधे हुए मिले – देखें VIDEO

 

इंदौर में शुक्रवार देर रात एक कॉलेज छात्र का शव फंदे पर लटका मिला है। उसने महिलाओं की तरह साड़ी पहन रखी थी। मेकअप भी किया था। दोनों हाथ बंधे हुए थे और आंखों पर पट्‌टी बंधी थी। शव के आसपास खून बिखरा पड़ा था। मामला खंडवा नाका इलाके का है। छात्र ने सुसाइड किया है या उसे मारकर लटकाया गया है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक मूलत: रायसेन का रहने वाला पुनीत त्रिभुवन दुबे (21) पढ़ाई के लिए इंदौर आया था। पुनीत इकलौता बेटा था। वह रणजीत सिंह कॉलेज में BSc सेकंड ईयर का छात्र था। खंडवा नाका इलाके की एक मल्टी में किराए के रूम में रह रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रिश्तेदारों ने उसके शव को लेकर सूचना दी है। मौके पर पहुंचे अफसरों ने बताया कि मामला संदिग्ध है।

परिजन और दोस्तों ने पुनीत के महिलाओं जैसे पहनावे पर आश्चर्य जताया है। शव के पास खून बिखरा पड़ा था।

 

खून भी फैला होने से हत्या की आशंका

जिस कमरे में पुनीत फंदे पर लटका मिला, वहां खून भी फैला हुआ है। परिवार के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुनीत के पिता त्रिभुवन ने बताया शुक्रवार रात उसे कॉल किया था तो उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने इंदौर में ही रहने वाले एक परिचित से बेटे के रूम पर जाकर बात कराने के लिए कहा था।

कोचिंग से आकर बात करता था, कल नहीं किया

पिता ने बताया कि पुनीत इकलौता बेटा था। कोचिंग और कॉलेज से आने के बाद पुनीत रात में एक बार फोन करता था। शुक्रवार को उसका कॉल नहीं आया। इसके कारण रात को हम लगातार कॉल कर रहे थे। फोन नहीं उठा रहा था। इस पर रिश्तेदारों को कॉल किया। वह रात को ही कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा नहीं खोला। खिड़की से झांककर देखा तो शव लटका हुआ था। बाद में रिश्तेदारों ने परिवार और पुलिस को सूचना दी।

आठ दिन पहले ही बदला था रूम, दोस्त बोले- हम भी हैरान

परिवार के लोगों ने बताया आठ दिन पहले पुनीत ने इसी बिल्डिंग में अपना रूम बदला था। पहले वह दो दोस्तों के साथ रहता था। परिवार ने उन दोनों दोस्तों से भी बात की। उन्होंने बताया कि उसके महिलाओं वाले हुलिए और घटना ने आश्चर्य में डाल दिया है।

पिता को भी इस बात पर यकीन नहीं हो रहा है। उनका कहना है कि दो महीने पहले ही पुनीत का जन्मदिन था। मां विभूति उससे मिलने इंदौर गई थी। काफी दिन उसके साथ रही, लेकिन कभी उसके वेशभूषा के बदलाव को नहीं देखा, न महसूस किया। वह लड़कों जैसे ही कपड़े पहनता है। उन्हें पूरे घटनाक्रम में हमें हत्या की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *