इंदौर पुलिस ने तिरुपति गार्डन से अगवा दोनों बच्चों को गुरुवार देर रात करीब दो बजे सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में एक दंपती, एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया गया है। युवक-युवती आपस में भाई-बहन हैं।
पुलिस ने दोनों बच्चों को परिजन को सौंप दिया है।
नैतिक सोनकर (9) और सम्राट (11) गुरुवार शाम करीब 7 बजे लापता हो गए थे। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक युवती उन्हें अपने साथ ले जाते हुए दिखी थी। बच्चों के दादा पूनमचंद जयदेव ने पुलिस को बताया था कि एक महिला ने वीडियो कॉल के जरिए 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी है। इसके बाद फोन बंद हो गया।
सूचना मिलते ही टीआई सुरेंद्र रघुवंशी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बच्चों को तलाशने में संयोगितागंज, बड़ी ग्वालटोली, राजेंद्र नगर, द्वारकापुरी, तुकोगंज और पलासिया थाने की टीमों को लगाया। जिस नंबर से बच्चों के दादा को फोन आया था, उसे सर्विंलास पर डाला। इसकी लोकेशन निकालकर बच्चों को राजेंद्र नगर के दत्त नगर में एक बिल्डिंग से बरामद कर लिया।
ये आरोपी गिरफ्तार
1. विनीत पिता राजेश (22 वर्ष) निवासी तिलक नगर 2. राधिका पिता राजेश (18 वर्ष) निवासी सहकार नगर 3. ललित पिता दशरथ सेन (21 वर्ष) निवासी दत्त नगर 4. तनीषा पति ललित (21 वर्ष) निवासी सदर

अपहरण क्यों किया, पूछताछ कर रही पुलिस
एसीपी तुषार सिंह ने बताया- पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखकर आरोपी लड़की के रूट की पहचान की। जिस नंबर से फिरौती का फोन आया था, उसे सर्विलांस पर डाला। मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
सभी आरोपी आपस में वॉट्सएप पर चैटिंग कर रहे थे। इनमें से एक नंबर से ही वॉट्सएप कॉल करके उन्होंने 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। इस नंबर को पुलिस ने सर्विलांस पर लगाकर लोकेशन पता कर ली। बच्चों को दत्त नगर की एक बिल्डिंग में रखा गया था। हम बहुत ही सावधानी से वहां पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की लेकिन हमने उन्हें पकड़ लिया।
आरोपियों ने बच्चों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया
एसीपी सिंह ने बताया- आरोपियों में भाई-बहन राधिका और विनीत समेत पति-पत्नी ललित और तनीषा शामिल हैं। तनीषा बच्चों को अपने साथ लेकर गई थी। वह राधिका की सहेली है। आरोपियों ने बच्चों को किसी तरह की चोट या नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। दोनों का मेडिकल परीक्षण भी करा लिया गया है।

पक्षी-जानवर दिखाने के बहाने ले गई थी लड़की
नैतिक के पिता जूस का ठेला लगाते हैं, जबकि सम्राट के पिता ढोलक बजाने का काम करते हैं। नैतिक के चाचा राहुल सोनकर ने कहा कि दोनों बच्चे शाम करीब 6 बजे तिरुपति गार्डन में क्रिकेट खेल रहे थे। जब दादी उन्हें देखने पहुंचीं, तो दोनों वहां नहीं मिले।उन्होंने कहा- आरोपी लड़की बच्चों को पक्षी-जानवर दिखाने के बहाने ले गई थी। सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।