इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र की डायमंड कॉलोनी में रविवार रात दो पुलिसकर्मियों के साथ करीब 8 से 10 लोगों ने मारपीट कर दी थी। इस हमले में एक सिपाही के सिर में 8 और दूसरे के सिर में 18 टांके आए। मामला वरिष्ठ अधिकारियों और मीडिया तक पहुंचने के बाद पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर एफआईआर दर्ज की गई।

कनाड़िया थाने में सिपाही विजय सिंह सिकरवार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। उनके साथ सिपाही आशीष शर्मा भी ड्यूटी पर थे।एफआईआर के अनुसार दोनों पुलिसकर्मी विवाद की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थे। वहां स्थानीय रहवासियों और संयम इंफ्रा नामक कंपनी के लोगों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
बीच-बचाव के दौरान हमला
विजय सिंह और आशीष शर्मा ने दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया। इसी दौरान 8 से 10 लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और पत्थर फेंककर हमला कर दिया।हमले में दोनों पुलिसकर्मियों के सिर फट गए। आरोप है कि इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पीछे से आकर आशीष शर्मा के सिर पर डंडा भी मार दिया। दोनों पुलिसकर्मी किसी तरह मौके से निकलकर नजदीकी अस्पताल पहुंचे और उपचार कराया।
आरोपियों की पहचान नहीं
पुलिसकर्मियों ने अपनी शिकायत में बताया है कि वे हमलावरों को नहीं पहचानते। हालांकि, सामने आने पर उन्हें पहचानने की बात कही है।
CCTV DVR और वीडियो जब्त
घटना के बाद कनाड़िया पुलिस ने मौके से सीसीटीवी की डीवीआर जब्त कर ली है। वहीं पुलिसकर्मियों द्वारा बनाए गए कुछ मोबाइल वीडियो भी हटाए जाने की चर्चा है। पुलिस इस संबंध में भी जांच कर रही है।
जमीन विवाद से जुड़ा मामला
जानकारी के अनुसार पूरा विवाद करीब 17 एकड़ जमीन को लेकर बताया जा रहा है, जिसकी कीमत लगभग 500 करोड़ रुपए बताई जा रही है।मामले में पहले मोहसिन खान नाम के व्यक्ति का नाम भी सामने आया था। बताया जाता है कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद था। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों ने उसे वहां से हटाया था।
ऑडियो रिकॉर्डिंग भी चर्चा में
सूत्रों के मुताबिक मोहसिन खान और एक पुलिसकर्मी के बीच कथित बातचीत की कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।