कम बारिश और भूजल स्तर नहीं बढ़ने का असर इंदौर के औद्योगिक क्षेत्रों में दिखने लगा है। बोरिंग में पानी कम होने और जलस्रोत सूखने से उद्योगों के संचालन पर संकट मंडरा रहा है।सांवेर रोड, पालदा और पोलोग्राउंड सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में पानी की कमी को लेकर उद्यमी चिंतित हैं। सांवेर रोड पूरी तरह बोरिंग के पानी पर निर्भर है।
नगर निगम की सीमित जलापूर्ति औद्योगिक जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं है।जल्द वैकल्पिक और स्थायी व्यवस्था नहीं हुई तो कई इकाइयों का उत्पादन प्रभावित हो सकता है। कुछ फैक्ट्रियां अस्थायी रूप से बंद भी हो सकती हैं। टैंकरों से पानी मंगाने पर उत्पादन लागत बढ़ेगी।

उद्यमी बोले- प्रोसेसिंग उद्योगों को ज्यादा पानी की जरूरत
ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज (AIMP) के अध्यक्ष प्रकाशचंद जैन और अन्य उद्यमियों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि उद्योग पानी की उचित कीमत देने को तैयार हैं, लेकिन इससे पानी की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं होगी।इसके लिए पर्याप्त जलस्रोत और नियमित आपूर्ति जरूरी है। पालदा औद्योगिक क्षेत्र में करीब 300 से 400 इकाइयां संचालित हैं। इनमें कई की उत्पादन प्रक्रिया पानी पर निर्भर है।डाइंग, कलरिंग, टेक्सटाइल, प्लास्टिक, इंजेक्शन मोल्डिंग, केमिकल और अन्य प्रोसेसिंग उद्योगों को ज्यादा पानी चाहिए। पानी की कमी से इनकी उत्पादन क्षमता प्रभावित हो सकती है। कम पानी इस्तेमाल करने वाले उद्योग सीमित संसाधनों के साथ काम जारी रख सकते हैं।

ETP के ट्रीटेड पानी की पाइपलाइन का प्रस्ताव, समयसीमा तय नहीं
नगर निगम की बैठक में अधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्रों को ईटीपी (एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) का ट्रीटेड पानी देने की बात कही थी। इसके लिए अलग पाइपलाइन बिछाने का प्रस्ताव भी रखा गया था। हालांकि, इससे कितनी मात्रा में पानी मिलेगा और पाइपलाइन कब तक बिछेगी, यह स्पष्ट नहीं है।AIMP अध्यक्ष प्रकाशचंद जैन के मुताबिक, नगर निगम की पहली प्राथमिकता आम नागरिकों को पीने का पानी देना है। इसके बाद ही उद्योगों को पानी मिल सकेगा। केवल आश्वासन से समस्या हल नहीं होगी। इसके लिए ठोस योजना, पर्याप्त जलस्रोत और तय समयसीमा जरूरी है।
बोरिंग में पानी घटा, टैंकरों पर निर्भरता बढ़ी
फार्मा कंपनी के अमित चावला के मुताबिक, सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र में नर्मदा का पानी नहीं आता। यहां के उद्योग बोरिंग पर निर्भर हैं, लेकिन उनमें पानी घट रहा है। नगर निगम ने समय पर व्यवस्था नहीं की तो उद्यमियों को खुद पानी का इंतजाम करना पड़ेगा और टैंकरों पर निर्भरता बढ़ेगी।कुछ औद्योगिक क्षेत्रों में टैंकरों से पानी पहुंचाना शुरू हो गया है। यह महंगा विकल्प है और इससे उद्योगों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। उद्यमियों के मुताबिक, पानी की कीमत से बड़ी चुनौती उसकी नियमित उपलब्धता है।

पानी खरीदने से बढ़ेगी उत्पादन लागत
पानी की कमी का असर औद्योगिक इकाइयों के साथ तैयार उत्पादों पर भी पड़ सकता है। वैकल्पिक स्रोतों और टैंकरों से पानी खरीदने पर मैन्युफैक्चरिंग लागत बढ़ेगी। इससे उत्पादों की कीमतें भी बढ़ सकती हैं।उद्यमियों के मुताबिक, गर्मी में कई उद्योगों और व्यवसायों पर कामकाज और मांग का दबाव बढ़ता है। इस दौरान पर्याप्त पानी नहीं मिला तो उत्पादन और लागत दोनों प्रभावित होंगे। बाजार में महंगाई के अन्य कारण भी हैं, लेकिन पानी की कमी औद्योगिक लागत बढ़ा सकती है।

ज्यादा भूजल निकालने वाली बोरिंग पर कार्रवाई की तैयारी
उद्यमियों के मुताबिक, नगर निगम ज्यादा भूजल निकालने वाली बोरिंग को अपने नियंत्रण में लेने या उन पर कार्रवाई करने की योजना बना रहा है। इसका उद्देश्य आम लोगों के लिए पीने का पानी सुनिश्चित करना है।उद्योग जगत का कहना है कि लोगों को पीने का पानी देना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही, उद्योगों के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था जरूरी है।उद्योग शहर की अर्थव्यवस्था और रोजगार का बड़ा आधार हैं। पानी की कमी से इनका कामकाज प्रभावित हुआ तो उत्पादन और रोजगार पर भी असर पड़ेगा।

नर्मदा से अतिरिक्त पानी लाने की योजना पर चर्चा
इंदौर में नर्मदा से अतिरिक्त पानी लाने की संभावनाओं पर चर्चा हो रही है। नगर निगम स्तर पर बैठकें हो रही हैं और नई योजनाएं बनाने की तैयारी है।AIMP अध्यक्ष प्रकाशचंद जैन और अन्य उद्योगपतियों के मुताबिक, उद्योग जगत की बैठकों में पानी की समस्या लगातार उठ रही है।करीब 25 से 30 प्रमुख औद्योगिक मुद्दों में यह सबसे अहम है। अब योजनाओं की घोषणा के बजाय उन्हें तय समयसीमा में लागू करना जरूरी है, ताकि उद्योगों को नियमित पानी मिल सके।

पोलोग्राउंड में पानी की टंकी तैयार, कनेक्शन देने का काम जारी
जिला उद्योग केंद्र के जनरल मैनेजर स्वप्निल गर्ग के मुताबिक, लघु उद्योग निगम ने हाल ही में पोलोग्राउंड औद्योगिक क्षेत्र में पानी की टंकी बनवाई है। इसे पोलोग्राउंड इंडस्ट्रियल एसोसिएशन को सौंप दिया गया है।नगर निगम यहां उद्योगों को पानी के कनेक्शन दे रहा है। निगम ने जल्द सभी उद्योगों को नियमित पानी की सप्लाई शुरू करने का आश्वासन दिया है।
