जनता दरबार की जगह अब जनता के दरबार में मोहन… कौशल किशोर चतुर्वेदी

जनता दरबार की जगह अब जनता के दरबार में मोहन…
वर्ष 2025 की शुरुआत में मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री निवास में जनता दरबार लगने की खबरें बड़ी ज़ोर से सबके बीच पहुंची थी। कहा जा रहा था कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तर्ज पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सीएम हाउस में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान खुद करेंगे। जनवरी 2025 के पहले सप्ताह में इस दरबार की शुरुआत होनी थी। तारीख 6 जनवरी 2025 सोमवार तय हुई थी। पर बाद में जनता दरबार का यह मुहूर्त टला, तो फिर अब 7 अगस्त 2026 दिन शुक्रवार को छिंदवाड़ा में जन विश्वास अभियान के रूप में इसकी शुरुआत हो गई है। तब से अब में बड़ा अंतर यह है कि तब मुख्य सचिव अनुराग जैन थे और अब मुख्य सचिव के रूप में अशोक वर्णवाल मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ कदमताल कर रहे हैं। सुदाम खाड़े तब
जनसंपर्क आयुक्त की भूमिका में जनता दरबार की तैयारी में जुटे थे तो अब मुख्यमंत्री के सचिव के रूप में जन विश्वास अभियान के साक्षी बन रहे हैं। तब पीड़ित जनता को सीएम हाउस आने का कष्ट उठाना था, लेकिन अब सीएम खुद चलकर पीड़ित जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे। मध्यप्रदेश में अब हर शुक्रवार जनता का विश्वास जीतने डॉ मोहन यादव अलग-अलग जिलों में पहुँचकर गड़बड़ी करने वाले सरकार के अफसरों की खैर, खबर पूरी सख्ती के साथ लेने वाले हैं। 7 अगस्त 2026 को छिंदवाड़ा में जनविश्वास अभियान की शुरुआत ने संकेत दे दिए हैं। सीएमएचओ एक तहसीलदार और एक पटवारी को मौके पर निलंबित किया गया है तो सीईओ जनपद और श्रम अधिकारी की एक-एक वेतनवृध्दि रोकने के आदेश दिए गए और अन्य कई अधिकारियों को नोटिस देकर जवाब मांगे गए हैं। वहीं, जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया है अथवा समाधान की दिशा में आगे बढ़ाया गया है। जनता के मन में यह विश्वास जगाया जा रहा है की लापरवाह अफसरों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए खुद मुख्यमंत्री उनके पास पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने “मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” का शुभांरभ करते हुए छिंदवाड़ा जिले के कलेक्ट्रेट में आमजन की समस्याओं को सुना। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों की आवेदकों की उपस्थिति में एक-एक कर समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। समीक्षा के दौरान जिन प्रकरणों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई, उन पर उन्होंने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।साथ ही पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराते हुए योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
पीड़ितों की समस्याओं का समाधान जन विश्वास अभियान का एक पहलू है। तो दूसरे पहलुओं की झलक मुख्यमंत्री जिले की प्रेरक प्रतिभाओं से आत्मीय संवाद, कृषि, नवाचार, खेल, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण पर्यटन, उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभागियों से मुख्यमंत्री के साथ संवाद के रूप में देखने को मिली।
जनविश्वास अभियान के एक अन्य पहलू के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में विभागवार समीक्षा करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राजस्व, नल-जल, ऊर्जा, पुलिस सहित सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिकायत करने की नौबत नहीं आनी चाहिए। प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी, संवेदनशील एवं जवाबदेह तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ड्रॉप-आउट बच्चों को पुनः विद्यालयों में प्रवेश दिलाने, सभी शिक्षकों की शत-प्रतिशत ई-अटेंडेंस सुनिश्चित करने तथा सायबर अपराधों की रोकथाम एवं प्रभावितों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण ही सुशासन की सबसे बड़ी पहचान है तथा प्रत्येक अधिकारी को जनसेवा के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह कार्यशैली अपनानी होगी।
तो जनस्वास्थ्य अभियान की एक झलक यह भी मानी जा सकती है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव को श्री सनोत नागवंशी ने ग्रामीण पर्यटन एवं होम-स्टे मॉडल की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें शासन से सब्सिडी प्राप्त हुई है। वर्तमान में वे दो कमरों का होम-स्टे संचालित कर रहे हैं, जिसे ‘मेक माय ट्रिप’ जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी सूचीबद्ध किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “मैं जरूर आपके होम-स्टे पर आऊंगा।”
तो मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले में संचालित सीएनजी प्लांट के संचालक रोहित साहू से भी चर्चा कर परियोजना की कार्यप्रणाली, नवाचार और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी ली तथा उनके प्रयासों की सराहना की।
यही कहा जा सकता है कि जन विश्वास अभियान समग्रता लिए हुए है। करीब डेढ़ साल पहले सीएम हाउस में जनता दरबार की जो बात चली थी वह
सीमित प्रभाव वाली थी तो जन विश्वास अभियान विभिन्न पहलुओं को समाहित करते हुए समग्रता से जनता का विश्वास जीतने की अपार संभावनाएं लिए हुए है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अभियान के जरिए मध्य प्रदेश में जन-जन का विश्वास जीत सकते हैं। शर्त बस इतनी सी है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों का पालन सख्ती से हो और इसके लिए एक प्रभावी मॉनीटरिंग सिस्टम होने के साथ-साथ अफसरों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। यह अच्छा ही है कि सीएम हाउस में जनता दरबार की जगह अब जनता के दरबार में खुद मोहन पहुंच रहे हैं… जन विश्वास जीतने का यह प्रयास अच्छा है।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *