तीसरी बार निशाने पर महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि: धमकी भरे पत्र में लिखा—‘अब तेरी बारी, जहन्नुम में जाएगा तू, मोदी और मोहन भी नहीं बचा पाएंगे’; सुरक्षा की मांग तेज

उज्जैन के मंगलनाथ रोड स्थित गंगाघाट श्री मौन तीर्थ पीठ के पीठाधीश्वर और निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि महाराज को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी एक पत्र के जरिए दी गई है। इसमें उदयपुर के टेलर और दिल्ली में हाल ही में ईद के मौके पर युवक की हुई हत्या जैसा हश्र करने की धमकी दी गई है।

गंगाघाट श्री मौन तीर्थ पीठ पर यह धमकी भरा पत्र सोमवार को पहुंचा। मंगलवार को जब इसे खोला गया तो पता चला कि उसमें हाथ से लिखा एक पत्र है, जिसमें महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि के लिए धमकी भरे शब्द लिखे गए हैं।

पत्र उत्तर प्रदेश के महू शहर से भेजा गया है। पत्र में नबी की शान में गुस्ताखी का जिक्र करते हुए जहन्नुम पहुंचाने की धमकी दी गई है। साथ ही लिखा गया है कि “तुझे मोदी और मोहन कोई नहीं बचा सकेगा।” पत्र मिलने के बाद महामंडलेश्वर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि महाराज ने बताया कि पत्र सोमवार शाम को मिला था। इसकी जानकारी उज्जैन एसपी को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि सनातन के लिए लगातार काम करने के कारण उन्हें इस तरह की धमकियां मिल रही हैं। इससे पहले उन पर बड़ौदा और उज्जैन में भी हमला हो चुका है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई है।

2023 और 2025 में भी मिल चुकी हैं धमकियां

ये पहला मौका नहीं है, जब महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि को धमकी मिली हो। इससे पहले उन्हें 2023 और 2025 में भी धमकियां मिल चुकी हैं और हर बार धमकी पत्र के जरिए ही मिली है। 2025 में भी एक पत्र के माध्यम से धमकी दी गई थी, जो प्रयागराज (यूपी) से उर्दू में लिखकर भेजा गया था। सगीर अहमद पिता रिजवान नाम के व्यक्ति ने नवाब नगर, करेली, प्रयागराज (यूपी) के पते से एक लिफाफे में बंद उर्दू में लिखा पत्र भेजा था। उस दौरान पत्र में लिखा था कि तुम बार-बार नबी की तौहीन करते हो, इसकी सजा मिलेगी, जिसमें सिर तन से जुदा करने की धमकी दी गई थी।

इसके पहले भी वर्ष 2023 में किसी अज्ञात व्यक्ति ने अखाड़ा परिषद की बैठक के दौरान उर्दू में पत्र भेजकर धमकी दी थी।

ये है धमकी भरा पत्र।

मुस्लिम लड़कियों की शादी वैदिक रीति से कराई

महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि महाराज पहले अपने आश्रम में मुस्लिम लड़कियों को सनातन धर्म में शामिल कर उनका विवाह सनातन रीति-रिवाज से करा चुके हैं। साथ ही, एक माह पहले ही एक मुस्लिम लड़के को विधि-विधान से हिंदू धर्म में शामिल किया था।

अनिकेत चौबे ने तलाकशुदा मुस्लिम महिला से किया था विवाह

23 जून 2024 को मंगलनाथ मंदिर मार्ग स्थित मौनी तीर्थ पर उज्जैन निवासी अनिकेत चौबे ने तलाकशुदा मुस्लिम महिला फरहा से विवाह किया था। महिला ने सनातन धर्म अपना लिया था। वहीं उसकी बेटी जारा ने भी सनातन धर्म अपना लिया था। इसके बाद फरहा ने अपनी मर्जी से हिंदू युवक अनिकेत चौबे के साथ मौन तीर्थ में ही विवाह की सारी रस्में की थी। अनिकेत चौबे ने मांग में सिंदूर भरकर मंगलसूत्र पहनाकर फरहा को पत्नी के रूप में और उसकी बेटी जारा को बेटी के रूप में अपनाया था।

गंगाघाट मौनतीर्थ आश्रम में सलमान खान ने अपनाया सनातन धर्म

31 मई 2026 को गंगाघाट स्थित मौनतीर्थ आश्रम में उज्जैन के गांधी नगर निवासी युवक सलमान खान ने स्वेच्छा से सनातन धर्म अपनाते हुए नई धार्मिक पहचान ग्रहण की थी। धार्मिक अनुष्ठान के बाद युवक का नया नाम ‘शांतनु’ रखा गया और उन्हें कश्यप गोत्र प्रदान किया गया। मौनतीर्थ आश्रम पूर्व में सलामन की दीक्षा विधि संपन्न हुई थी। मोनी तीर्थ आश्रम धार्मिक दीक्षा और संस्कार कार्यक्रमों के कारण चर्चा में रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *