मुंबई:टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में लगातार अपडेट्स आ रहे हैं. अब इस मामले में हथियार सप्लाई करने वाले सिंडिकेट पर बड़ा खुलासा हुआ है. आरोपियों को डेड लेटर बॉक्स के जरिए हथियार मिले थे. डेड लेटर बॉक्स यानी एक ऐसी लोकेशन, जहां कोई पहले हथियार रख देता और बाद में कोई अन्य शख्स उस जगह से हथियार उठा लेता है.

मामले में मुख्य आरोपियों के तौर पर ऋतिक, रेहान और फूल सिंह को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, हमले की साजिश के आरोप में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार लोगों- कुणाल, सुमित, राधा और बबीता को गिरफ्तार किया और मुंबई पुलिस को सौंप दिया.
कुणाल और सुमित को नहीं पता कि आखिर वहां पर हथियार किसने रखे थे. कुणाल और सुमित को अनिल पंडित ने इस काम के लिए 70 से 80 हजार रुपए दिए थे. इसमें से 10 से 12 हजार रुपए इन लोगों ने दो महिलाओं बबीता और राधा को दिए थे.
इसके बाद कुणाल इंक्रिप्टेड ऐप के जरिए अनिल पंडित से बातचीत करने लगा. करीब दो हफ्ते पहले अनिल पंडित ने कुणाल को अमृतसर से हथियार लाने और फिर मुंबई पहुंचने का टास्क दिया था. इसके बाद, कुणाल ने हथियार पहुंचाने के लिए कुरियर के तौर अपनी गर्लफ्रेंड राधा का इस्तेमाल किया
राधा और बबीता सोनीपत की फैक्ट्री में काम करती है. राधा से कुणाल की मुलाकात करीब 2 महीने पहले हुई थी. कुणाल के कहने पर ही राधा, बबीता के साथ हथियार लेकर मुंबई पहुंची.