‘मोदी’ के 25 साल पूरे होने पर विशेष आनंद में दिखे ‘मोहन’… कौशल किशोर चतुर्वेदी

‘मोदी’ के 25 साल पूरे होने पर विशेष आनंद में दिखे ‘मोहन’…
मंत्रि-परिषद की विशेष बैठक के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष आनंद में नजर आए। बैठक के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री निवास में खुद ब्रीफिंग की। सवाल कैसे भी किए गए हों लेकिन मोहन की मुद्रा पूरे समय गदगद और प्रसन्नता की रही। यहाँ तक कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के धरने पर बैठने का सवाल की भी क्या मजाल कि मोहन का मूड अपसेट कर सके। ऐसे सवाल का जवाब भी उन्होंने आनंद के लहजे में देकर यह जता दिया कि आज यानि 12 अक्टूबर 2026 को मोदी के 25 साल पूरे होने पर मध्य प्रदेश में हुई विशेष कैबिनेट बैठक के बाद
उनके सामने सवाल कोई भी हो और कितना भी कड़वा हो, लेकिन उनका आनंद कम नहीं होगा और उनका मन पूरे समय मिठास में ही डूबा रहेगा। उन्होंने कैबिनेट ब्रीफिंग में मोदी के अनूठे व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण की पूरी कहानी बयां की तो मोदी विजन पर मध्य प्रदेश के मोहन राज में हुई उपलब्धियों का भी पूरा ब्यौरा दिया। विशेष बात यही रही कि मोहन ने यह भी साझा किया कि मोदी के विजन में ही मोहन का मध्य प्रदेश के
विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ने का सृजन समाहित है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में विशेष कैबिनेट बैठक में सुशासन, विकास एवं राष्ट्र-कल्याण को समर्पित देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के गौरवशाली, ऐतिहासिक एवं असाधारण 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ से अधिक जनता की ओर से मंत्रि-परिषद ने कृतज्ञतापूर्वक अभिनन्दन करते हुए संकल्प पारित किया। मंत्रि-परिषद ने वर्ष 2047 तक ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित मध्यप्रदेश’ के निर्माण के महायज्ञ में, प्रधानमंत्री मोदी के ओजस्वी नेतृत्व में कंधे से कंधा और कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए मध्यप्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का संकल्प भी सर्वसम्मति से पारित किया।
मुख्यमंत्री निवास में जब समत्व में डॉ. मोहन यादव मीडिया से रूबरू हुए तब मंच पर उनके साथ उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लोक सेवा के 25 वर्षों में अनथक एवं अर्हनिश पुरुषार्थ के बल पर केवल संकल्प ही नहीं लिए बल्कि उन्हें सिद्ध करके भी दिखाया है। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानसेवक के रूप में उनका यह कार्यकाल त्याग, समर्पण और लोक-कल्याण का अनुपम उदाहरण है। इस अभूतपूर्व और ऐतिहासिक उपलब्धि पर मध्यप्रदेश राज्य मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री मोदी का कोटि-कोटि वंदन, आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया।
मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में बुनियादी ढांचे के विस्तार, आधुनिक अधोसंरचना के निर्माण, डिजिटल क्रांति, विनिर्माण क्षमता को गति देने तथा देश के गरीबों, वंचितों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के सर्वांगीण सशक्तिकरण से हर नागरिक के जीवन में जो सकारात्मक बदलाव आया है, वह अविस्मरणीय है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘वी विल डू इट’ का मंत्र देकर एक बार फिर देश की सामूहिक शक्ति को जागृत किया है। अपने सामर्थ्य और समर्पण से प्रधानमंत्री मोदी के इस मंत्र को अपना मिशन बनाकर हम विकसित भारत के लिए विकसित मध्यप्रदेश बनाएंगे। हमें पूर्ण विश्वास है कि वर्ष 2047 में भारत जब आजादी के 100 वर्ष पूर्ण करेगा, तब हमारी पहचान आत्मनिर्भर और विकसित भारत के रूप में होगी। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के महामंत्र से समाज के अंतिम व्यक्ति को राष्ट्र-निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने, देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा को अभेद्य बनाने, भारत की प्राचीन समृद्ध विरासत का संवर्धन करने तथा ‘ग्लोबल साउथ’ के मुखर स्वर के रूप में विश्व पटल पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए मंत्रि-परिषद ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के प्रति प्रधानमंत्री मोदी का असीम स्नेह है। जितनी आत्मीयता प्रधानमंत्री मोदी को मध्यप्रदेश से है, मध्यप्रदेश उतनी ही आस्था प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के प्रति प्रकट करता है। प्रधानमंत्री मोदी ‘देश के दिल’ में बसे हैं। लोक सेवाओं के नित नये प्रतिमान रचने वाले प्रधानमंत्री मोदी हम सबके प्रेरणा स्त्रोत हैं।
तो मोदी के नेतृत्व में सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक बदलाव की कहानी तो पूरा देश ही जानता ही है। मोहन ने मोदी के मध्य प्रदेश के प्रति योगदान को यह कहकर भी सराहा कि यहाँ चीता भी जीता है। बालाघाट के जंगल में रात बिताकर लौटे
मोहन के मन- मस्तिष्क में मोदी ही मोदी नजर आते रहे, यह भी विशेष कैबिनेट बैठक की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जा सकती है। शिवराज के धरने पर वह यही बोले कि शिवराज पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं, उनका विषय खयाल में आया है, जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। पूरी विशेष कैबिनेट का आशय यही है मोदी का स्नेह मोहन पर
बना हुआ है और बना रहेगा। इसी स्थिति में
मध्य प्रदेश के विकसित होने की यात्रा मोहन के नेतृत्व में जारी रहेगी। ‘मोदी’ के 25 साल पूरे होने पर विशेष आनंद में दिख रहे ‘मोहन’ अब ‘वी बिल डू इट’ के संकल्प के साथ मोदी विजन पर अमल करते रहेंगे… नजर अब सिंहस्थ पर है।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *