ग्वालियर। पति ने पत्नी चंचल की हत्या कर मुरैना में जलाया शव — बर्थडे पर ‘खास तोहफा’ देने का किया था वादा… अगले ही दिन कर दी हत्या, मौत से कुछ दिन पहले का वीडियो आया सामने — देखें VIDEO

ग्वालियर के थाटीपुर न्यू सुरेश नगर में 26 साल की चंचल की हत्या कर पति ने मुरैना में लाश को जलाया और अस्थियों को चंबल नदी के बीहड़ में अलग-अलग फेंक दिया था। अब मौत से कुछ दिन पहले का चंचल का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह आए दिन टॉर्चर किए जाने की बात कह रही है। अपनी चोट दिखाते हुए बता रही है कि पल-पल उसे बेरहमी से पीटा जाता है। दीनू (पति) पिता से पैसे मांगने को कहता है।

इतना ही नहीं जिस दिन चंचल की हत्या की गई, उससे एक दिन पहले 30 दिसंबर को उसका 26वां का जन्मदिन था। बर्थडे पर पर पति ने चंचल से कहा था कि वह उसे बहुत बड़ा और खास तोहफा देगा। पर वो नहीं जानती थी कि एक दिन बाद दीनू उसकी हत्या कर देगा। आरोपी के मन में पहले से ही यह प्लानिंग चल रही थी।

 

मौत से कुछ दिन पहले चंचल ने वीडियो बनाकर पति और ससुराल की प्रताड़ना बयां की थी।

लव मैरिज को बनाया था अरेंज

चंचल राजे और दीनबंधु उर्फ दीनू टैगोर ने एक साल पहले एक-दूसरे को जीवन साथी के रूप में पसंद किया था। चंचल ने अपने परिजन को सारी बात बताकर समझाया था कि दीनू हमारे ही समाज का है और मैं उसे पसंद करती हूं। वह मेरी सारी बातों को समझता है। वह मुझे स्वीकार कर रहा है। जिस पर दोनों परिवारों ने उनकी पसंद को अरेंज मैरिज में बदल दिया था। 16 जनवरी 2024 को दोनों की शादी यश वाटिका ग्वालियर से हुई थी।

मृतका चंचल अपने पति दीनबंधु उर्फ दीनू के साथ। (फाइल)

फर्स्ट एनिवर्सरी से 16 दिन पहले हत्या

16 जनवरी 2024 को चंचल और दीनू की बड़े ही अरमान के साथ शादी हुई थी। चंचल अपनी आंख में कई तरह के सपने संजोकर ससुराल पहुंची थी, लेकिन 20 दिन बाद ही उसका यह भ्रम टूट गया। पहली बार पति ने दहेज नहीं लाने पर मारपीट की थी। पति के अलावा ससुर जरदान सिंह, सास शीला राजे, जेठ बलबीर, प्रशांत, ननद पिंकी डबल डोर फ्रीज, बड़ी एलईडी टीवी, वॉशिंग मशीन नहीं लाने पर पीटने लगे थे।

कुछ समय पहले दीनू उसे प्यार से रखने का वादा कर ग्वालियर ले आया। यहां न्यू सुरेश नगर में दोनों किराए से रहने लगे, लेकिन यहां भी प्रताड़ना कम नहीं हुई। आए दिन वो चंचल को बेरहमी से पीटता था। 16 जनवरी 2025 को उनकी फर्स्ट मैरिज एनिवर्सरी थी। लेकिन इससे ठीक 16 दिन पहले पति न चंचल की हत्या कर दी।

चंचल के शव को एम्बुलेंस से उतारकर ससुर कंधे पर ले जाता हुआ।

मौत से कुछ दिन पहले का वीडियो

चंचल राजे ने अपनी हत्या से कुछ दिन पहले ही पति की थाटीपुर थाने में शिकायत की थी। तब उसने अपने साथ हो रहे टॉर्चर का एक वीडियो रिकॉर्ड कर परिवार के सदस्यों को भेजा था। इस वीडियो में चंचल ने अपने साथ हो रही एक-एक घटना का विस्तार से जिक्र किया था। उसने कहा- ‘ये आदमी रोज मुझसे पैसा मंगवाता है। मेरे पिता से पैसा मांगने की कहता है। कल भी पैसा मांगने के पीछे इसने मारा है। मेरे बाप से दो लाख रुपए ले चुका है।’

मेरे पिता ने चार लोगों के सामने चार लाख रुपए दिए थे और छह लाख रुपए की शादी की थी। इसके (पति) घर वालों ने मुझे भगा दिया मुरैना (ससुराल) से और कहा कि तू डबल डोर फ्रिज, बड़ी एलईडी टीवी, वॉशिंग मशीन और सोफा क्यों नहीं लेकर आई। इसके मम्मी-पापा ने मुझे मारा।

चंचल ने वीडियो में कहा कि ससुर का नाम जरदान सिंह है, साल शीला राजे, ननद पिंकी, जेठ का नाम बलबीर, प्रशांत है। इन लोगों ने भी बहुत परेशान किया है। इन्होंने मुझे पल-पल टॉर्चर किया है। यह कहते हैं कि तुम्हारे बाप को कहीं भी मार दूंगा।

पति प्यार से मुझे ग्वालियर यह कहकर ले आया कि यहां आराम से रहेंगे। यहां आकर यह मुझे टॉर्चर करने लगा।

– चंचल राजे, मौत से पहले के वीडियो में कहा

हत्या कर ढूंढने का ड्रामा करता रहा

दीनू ने 31 दिसंबर की रात पत्नी चंचल की गला घोंटकर हत्या की थी। इसके बाद थाटीपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराकर पत्नी पर भागने का आरोप लगाया। गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद खुद उसे ढूंढने का नाटक करता रहा। लेकिन, चंचल के भाई नवीन राजे को यकीन हो गया था कि इसने कुछ कर दिया है।

जब उसने आरोपी के मुरैना घर के आसपास अपने रिश्तेदारों को दौड़ाया तो वहां से उसकी बहन को जलाने का पता लगा। जिसके बाद वह खुद आरोपी को पकड़कर थाना पहुंचे और पुलिस को सौंपा। जिसके बाद यह खुलासा हुआ।

ऐसे समझिए पूरा मामला…

न्यू सुरेश नगर सरकारी मल्टी निवासी दीनू टेगौर एक जनवरी 2025 को थाटीपुर थाना पहुंचा और बताया कि उसकी पत्नी चंचल बिना बताए कहीं चली गई है। उसको काफी तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी। मामले की सूचना चंचल के मायके वालों को भी दी गई थी।

जिस पर चंचल का भाई नवीन राजे थाटीपुर थाना पहुंचा और आशंका जताई कि उसकी बहन के साथ कुछ गलत हुआ है। उसने कुछ सबूत जुटाकर पुलिस काे सौंपे। जिसके बाद पुलिस ने दीनू काे थाना में बैठाकर पूछताछ की तो उसने खुद ही हत्या करना कबूल किया। बताया कि 31 दिसंबर को उसने उसने घर आते ही पत्नी चंचल से दहेज को लेकर विवाद के बाद मारपीट की।

जिस पर चंचल घर से निकल आई। पीछा करता हुआ दीनू भी बाहर आया। पीताम्बरा नाले के पास चंचल उसे मिल गई। यहां फिर से विवाद हुआ, जिस पर पति ने उसके सिर पर पत्थर मार दिया और गला घोंटकर हत्या कर दी।

हत्या करने के बाद दीनू ने पिता जरदान सिंह टैगोर को गांव में सूचना दी। पिता ने लाश वहीं झाड़ियों में छिपाने को कहा। कुछ देर बाद पिता एम्बुलेंस लेकर पहुंचा और लाश को मुरैना ले गए। चंबल की बीहड़ में जलाकर वहीं नदी के आसपास अस्थियां फेंक दी थीं।

आरोपी दीनबंधु उर्फ दीनू टेगौर, उसके पिता जरदान सिंह और एम्बुलेंस चालक विशम्भर को पकड़ लिया गया है। बीहड़ से अस्थियां बरामद कर रहे हैं। डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।

– कमल किशोर पाराशर, थाटीपुर थाना प्रभारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *