केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के मौके पर नागपुर में आयोजित कार्यक्रम में भाषण दिया. इस दौरान उन्होंने जाति और धर्म के आधार पर राजनीति करने वालों पर हमला बोला और कुछ नेताओं को सीधे चेतावनी देते हुए कहा, ‘जो करेगा जात की बात, उसको मारूंगा कस के लात.’
नागपुर. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के मौके पर नागपुर में आयोजित कार्यक्रम में भाषण दिया. इस दौरान उन्होंने जाति और धर्म के आधार पर राजनीति करने वालों पर हमला बोला और कुछ नेताओं को सीधे चेतावनी देते हुए कहा, ‘जो करेगा जात की बात, उसको मारूंगा कस के लात.’ गडकरी ने कहा, ‘आजकल कई लोग जात-पात और धर्म के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश करते हैं, लेकिन मैं इस राजनीति में विश्वास नहीं करता. जातिगत राजनीति से देश का भला नहीं हो सकता.’.

नागपुर में मजदूर दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे.
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि गैस, पेट्रोल और डीजल हिंदू को जिस भाव से मिलता है, उसी भाव से मुस्लिम को भी मिलता है. विकास और सुविधाओं में किसी तरह का भेदभाव नहीं है.गडकरी ने कुछ नेताओं की दोहरी नीति पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘मैंने कई ऐसे नेताओं को देखा है जो मंच से जाति की बात करते हैं और नारे लगाते हैं, लेकिन जब वे निजी तौर पर मिलते हैं तो अपने बेटे या पत्नी के लिए टिकट मांगते हैं. ऐसे ढोंगी नेताओं को जनता पहचान चुकी है.
नितिन गडकरी ने बोलने का अंदाज दोहराते हुए कहा, ‘मैं जो बोलता हूं, डंके की चोट पर बोलता हूं. कोई माई का लाल मुझसे यह नहीं पूछ सकता कि मैंने जो कहा वह किया या नहीं किया.’ कार्यक्रम में गडकरी ने मजदूरों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि देश का विकास केवल मशीनों से नहीं, बल्कि लाखों श्रमिकों की मेहनत और समर्पण से हुआ है
सड़कें, इमारतें, सिंचाई परियोजनाएं और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट ये सबकुछ मजदूरों की मेहनत से बने हैं. उन्होंने कहा कि सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार हो और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलें. इस मौके पर काफी संख्या पर श्रमिक और श्रमिक नेता जुटे थे.