जेन-ज़ी इफेक्ट से मुक्त नितिन नवीन की टीम… कौशल किशोर चतुर्वेदी

जेन-ज़ी इफेक्ट से मुक्त नितिन नवीन की टीम…
दुनिया के सबसे बड़े राजनैतिक दल भारतीय जनता पार्टी के सर्वाधिक युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी टीम की घोषणा 17 अगस्त 2026 को कर दी है। 20 जनवरी 2026 को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभालने वाले नितिन नवीन को अपनी टीम को चुनने में करीब सात महीने का समय लग गया है। और इसी बीच सबसे बड़े घटनाक्रम के तहत जेन-ज़ी का उदय हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जेन-ज़ी ने भाजपा सरकार में केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का इस्तीफा लेकर यह जताया था कि जेन-ज़ी के सामने विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी भी झुकने को मजबूर हो गई है। लेकिन
नितिन नवीन की टीम में सभी पदाधिकारी जेन- एक्स और जेन-वाई श्रेणी के ही शामिल किए गए हैं। और बेहतर होता यदि नितिन नवीन की टीम में जेन-ज़ी का प्रतिनिधित्व भी हो जाता। शायद विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी ने सोच समझकर ही जेन-ज़ी को अपनी टीम से बाहर रखने, में ही भलाई समझी हो।
जेन ज़ी श्रेणी में जन्म वर्ष 1997 से 2012 तक के बच्चे आते हैं जिनकी उम्र 2026 में 14–29 वर्ष के बीच है। यह आज के किशोर और युवा वर्ग में आते हैं। इंटरनेट, स्मार्टफोन और सोशल मीडिया इनके जीवन का मुख्य हिस्सा है। फ्रीलांसिंग, स्टार्टअप, डिजिटल काम में यह सबसे आगे हैं। यह सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर बोलने वाले हैं। इसे “रील्स और शॉर्ट कंटेंट” की पीढ़ी कहा जाता है। वहीं जेन वाई श्रेणी में जन्म वर्ष 1981 से 1996 तक के लोग शामिल हैं जिनकी वर्तमान आयु 30–45 वर्ष है। यह पीढ़ी इंटरनेट के उदय के साथ बड़ी हुई। नौकरी और परिवार दोनों को संभालने वाली है। ऑनलाइन शॉपिंग, ई-कॉमर्स, वर्क-फ्रॉम-होम इन्हीं के जमाने में लोकप्रिय हुआ। शिक्षा, करियर और जीवनशैली में ग्लोबल सोच अपनाने वाली यह पीढ़ी समाज और परिवार की रीढ़ है। जेनरेशन एक्स में जन्म वर्ष 1965 से 1980 तक के लोग शामिल हैं। इनकी वर्तमान आयु 46–61 वर्ष के बीच है। इन्होंने रेडियो, टीवी और शुरुआती कंप्यूटर का जमाना देखा। स्थाई नौकरी, परिवार और जिम्मेदारी पर ध्यान देने वाली पीढ़ी है।
यह पीढ़ी तकनीक को अपनाती है लेकिन परंपरा से भी जुड़ी रहती है।आज यह नेतृत्व और निर्णय लेने की पीढ़ी में शामिल है।
मध्यप्रदेश के लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री, सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री, सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री, मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद तरूण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा को राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संकुल संयोजक, सांसद बंशीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल को पार्टी के मीडिया विभाग के राष्ट्रीय सह-संयोजक बनाया गया है। जैसा कयास लगाया जा रहा था, शायद उसके मुताबिक संगठन के मामले में भाजपा के सर्वश्रेष्ठ राज्य मध्यप्रदेश को वह नहीं मिल पाया है। जिस तरह संगठनात्मक क्षमता में सर्वश्रेष्ठ मध्य प्रदेश को माना जाता है, यदि उस तरह से केंद्रीय संगठन में भी स्थान मिलता तो और भी बेहतर तस्वीर सामने आ सकती थी।
फिलहाल भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई केंद्रीय टीम का ऐलान हो गया है। बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महामंत्री और 16 राष्ट्रीय मंत्री (सचिव) बनाए गए हैं। इसके अलावा सभी मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा कर दी गई है।इस टीम में महिलाओं और युवा चेहरों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। नई टीम के माध्यम से बीजेपी ने भविष्य के राजनीतिक रोडमैप का खाका खींचा है।इसमें 40 से कम उम्र के 6 सदस्य, 40 से 49 की उम्र के 15 सदस्य और 50 से 59 के 21 सदस्य को राष्ट्रीय टीम में स्थान दिया गया है। 2029 के चुनाव की जरूरतों को ध्यान में रखकर टीम का गठन किया गया है, जिसमें कुछ सदस्य 65 के पार भी हैं। उम्मीद यही है कि नितिन नवीन की टीम बेहतर करेगी… इसमें यदि जेन-ज़ी भी प्रमुखता से शामिल होते तो शायद और बेहतर हो होता, क्योंकि भाजपा में इस श्रेणी के प्रतिभावान नेताओं की कमी नहीं है।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *