ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले PM मोदी को जान से मारने की धमकी, ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम से जुड़ी फेसबुक पोस्ट पर मिला मैसेज; फेडरल पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा बढ़ाई गई

पीएम मोदी को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जान से मारने की धमकी मिली है। ऑस्ट्रेलिया की फेडरल पुलिस मोदी को दी गई धमकी की जांच कर रही है। द ऑस्ट्रेलिया टुडे की शनिवार की रिपोर्ट में दावा किया गया कि धमकी फेसबुक पर ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम के प्रचार से जुड़ी एक पोस्ट के नीचे लिखी गई थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, पोस्ट के नीचे अबू मुस्तफा नाम के फेसबुक अकाउंट से लिखा गया, ‘स्टेडियम की छत कार्यक्रम के दौरान बंद रहनी चाहिए, नहीं तो वह ऑस्ट्रेलिया अपनी मौत के लिए आएगा।’ धमकी सामने आते ही जानकारी ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस को दे दी गई थी।

मोदी 8 जुलाई से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया में रहेंगे। ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम 9 जुलाई को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में होना है। मोदी को इसमें शामिल होना है।

आईपी एड्रेस की पहचान, कोई गिरफ्तारी नहीं

जांच एजेंसियों ने प्रोग्राम की पोस्ट से जुड़े आईपी एड्रेस की पहचान कर ली है। हालांकि, अब तक पुलिस ने धमकी पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

साथ ही पुलिस ने किसी गिरफ्तारी की पुष्टि भी नहीं की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में ऑस्ट्रेलिया की फेडरल पुलिस, राज्य पुलिस और विशेष सुरक्षा इकाइयों समेत कई एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं।

‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम में भारतीय शामिल होंगे

  • ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम में मार्वल स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के भारतीय मूल के लोग पीएम मोदी का स्वागत करेंगे। इसका उद्देश्य ऑस्ट्रेलिया में बसे भारतीय समुदाय को पीएम मोदी से जोड़ना और भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को मजबूत करना है।
  • यह केवल एक सामुदायिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत की प्रवासी कूटनीति का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के लोगों की संख्या 10 लाख से ज्यादा है, जो वहां सबसे तेजी से बढ़ते प्रवासी समुदायों में शामिल हैं।

विदेश दौरे पर PM की सुरक्षा में मेजबान भी शामिल

  • प्रधानमंत्री के विदेश दौरे की सुरक्षा भारत और मेजबान देश मिलकर संभालते हैं। प्रधानमंत्री की सबसे नजदीकी सुरक्षा स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) के जिम्मे होती है, जबकि कार्यक्रम स्थल, होटल, एयरपोर्ट और यात्रा मार्ग की सुरक्षा मेजबान देश की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां करती हैं।
  • दौरे से पहले सुरक्षा टीमें कार्यक्रम स्थल का कई बार निरीक्षण करती हैं, आने-जाने के रास्तों की जांच होती है और भीड़ पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाता है।
  • दोनों देशों की खुफिया एजेंसियां संभावित खतरों की जानकारी साझा करती हैं। धमकी मिलती है, तो तुरंत जांच शुरू होती है और सुरक्षा घेरा बढ़ाने, अतिरिक्त जांच जैसे कदम उठाए जाते हैं।

PM मोदी दो बार ऑस्ट्रेलिया जा चुके

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो बार ऑस्ट्रेलिया की आधिकारिक यात्रा कर चुके हैं। जुलाई 2026 का दौरा उनका तीसरा ऑस्ट्रेलिया दौरा होगा।
  • पहली बार वे नवंबर 2014 में प्रधानमंत्री बनने के कुछ महीनों बाद ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे। उन्होंने ब्रिस्बेन में G20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया और कैनबरा में द्विपक्षीय यात्रा की।
  • दूसरी बार प्रधानमंत्री मोदी मई 2023 में ऑस्ट्रेलिया पहुंचे। उन्होंने सिडनी में ‘क्वाड लीडर समिट’ में हिस्सा लिया और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री अल्बनीज के साथ बैठक की। सिडनी के कुडोस बैंक एरिना में भारतीय समुदाय को संबोधित किया, जिसमें करीब 20 हजार लोग शामिल हुए थे।

 

पहले भी मोदी को धमकी मिली

2026: पंजाब दौरे से पहले ब्लास्ट की धमकी मिली थी

PM नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से एक दिन पहले 31 जनवरी को जालंधर के 4 स्कूलों में बम ब्लास्ट की धमकी मिली थी। कैंब्रिज स्कूल, केएमवी संस्कृति स्कूल, ब्रिटिश ओलिवा स्कूल और सीजेएस पब्लिक स्कूल को धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। हालांकि जांच के इस दौरान कुछ नहीं मिला था।

2022: पंजाब में ब्रिज पर फंस गया था PM का काफिला

5 जनवरी 2022 को पंजाब में पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक हुई थी। हुसैनीवाला जाते समय प्यारेआणा ब्रिज (फ्लाईओवर) पर प्रदर्शनकारी किसानों ने रास्ता जाम कर दिया था। इस वजह से पीएम का काफिला लगभग 15-20 मिनट तक फंसा रहा था। इसके बाद पीएम बिना रैली किए बठिंडा एयरपोर्ट वापस लौट गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *