
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा तीन दिन बाद इंदौर आने वाली है। यात्रा के पहले राजनीतिक सरगर्मी भी तेज होती नजर आ रही है। इंदौर के एक कांग्रेस नेता ने CM शिवराज सिंह चौहान और गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का न्योता दे दिया। हालांकि ये न्योता ट्वीट करके दिया गया है। कांग्रेस नेता का कहना है कि CM और गृहमंत्री देश की एकता और अखंडता के लिए भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर देश भक्ति का उदाहरण पेश करें।
CM शिवराज सिंह चौहान और गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को ट्वीट करके भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का न्योता देने वाले है म.प्र कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव राकेश सिंह यादव। कांग्रेस नेता का कहना है कि CM और गृहमंत्री को ट्वीट के माध्यम से भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का न्योता बुधवार को दिया गया है। उन्होंने कहा भारत जोड़ो यात्रा देश की एकता और अखंडता को कायम रखने और देश से नफरत का वातावरण खत्म करके युवाओं को बेरोजगारी के जंजाल से मुक्त करने के लिए भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही है। देश भक्ति और राष्ट्रहित में राष्ट्रीय तिरंगा ध्वज लेकर भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी हम सब एक हैं का संदेश दे रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का प्रदर्शन करते हुए अतिथि देवो भवो की परंपरा का निर्वहन करते हुए भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर देश की एकता और अखंडता को कायम रखने के प्रयास में कदम ताल मिलाना चाहिए। इसलिए मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए न्योता दिया गया है। उम्मीद है कि वे भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर राष्ट्रभक्ति का उदाहरण देश के सामने प्रस्तुत करेंगे।