
‘आपने दिग्विजय को चेलेंज कर दिया, सही में आ जाएंगे तो क्या करोगी’
राऊ में हुए कबड्डी टूर्नामेंट में जिराती की कमेंट्री
अभिषेक कानूनगो
बिजलपुर और डकाच्या के बीच चल रहे सांसद खेल प्रतियोगिता कबड्डी के फायनल मैच में खेल के दांव-पेंचों से ज्यादा चर्चाओं में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती की कामेंट्री रही। जैसे ही डकाच्या वालों ने बिजलपुर के खिलाडिय़ों को पटकनी दी, जिराती ने मंच पर बैठे राजेश सोनकर और मधु वर्मा पर तंज करते हुए दांव लगते ही राजेश का चेहरा खिला और मधु भैया का चेहरा मुरझा गया। यही राजनीति है।
देशभर में चल रही सांसद खेल प्रतियोगिता में सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को अपने-अपने इलाके में खेल के आयोजन करवाने हैं। कविता पाटीदार राज्यसभा की सदस्य हैं, इसलिए उन्होंने राऊ को चुना। बीते एक हफ्ते से यहां टूर्नामेंट चल रहा है। कल फायनल था, जिसमें मंत्री उषा ठाकुर, जीतू जिराती, मधु वर्मा, जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे मौजूद थे। कामेंट्री जिराती कर रहे थे। उषा ठाकुर पर जिराती ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इन दिनों सोशल मीडिया पर चल रहा है कि आपने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह को महू से चुनाव लडऩे के लिए चेलेंज कर दिया। यदि सही में आ गए तो क्या करोगी। उषा ने मुस्कुराते हुए कहा चुनाव लड़ूंगी और हरा दूंगी। आईडीए के अध्यक्ष जयपालसिंह चावड़ा पर जिराती ने कहा, हजारों करोड़ का बजट पेश करने वाले चावड़ा हमारे बीच बैठे हैं, किसी को कुछ चाहिए तो मांग लेना। डकाच्या सांवेर विधानसभा में आता है। वहां की कबड्डी टीम के समर्थन में पहुंचे राजेश सोनकर पर जैसे ही जिराती बोलना शुरू हुए, उन्होंने भी एक हाथ में माइक थामा और एक-दूसरे पर मजाकिया लहजे में खूब तंज कसे।