मुंबई-इंदौर फ्लाइट में खौफनाक एयर टर्बुलेंस, खराब मौसम के कारण कई बार डगमाया विमान; सहम गए यात्री – देखे VIDEO

मुंबई से रविवार रात इंदौर आई इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट के यात्रियों को सिंगापुर एयरलाइंस के विमान जैसा एयर टर्बुलेंस का डरावना अनुभव हुआ। खराब मौसम के कारण कई बार विमान डगमागाता महसूस हुआ, इससे यात्री बुरी तरह घबरा गए। शुरुआती 15-20 मिनट लोगों के बहुत खराब गुजरे। जैसे-तैसे विमान ने 11.45 बजे इंदौर लैंड किया तो लोगों ने राहत की सांस ली।

विमान से उतरे दीपक जेठा ने बताया महिलाओं ने बच्चों को सुलाना शुरू कर दिया था। फ्लाइट के उड़ान भरते ही सभी यात्रियों के चेहरों पर डर साफ झलक रहा था। एक-एक पल मुश्किल भरा था। ऐसा लग रहा था मानो विमान डगमगा रहा हो। पूरे विमान में खामोशी छाई हुई थी। जिस तरह से विमान उड़ान भर रहा था, उससे साफ महसूस हो रहा था कि बाहर मौसम बहुत खराब है।

दीपक ने बताया, इसके बाद भी विमान में न तो किसी तरह का कोई अनाउंसमेंट हुआ और न ही किसी ने हालात सामान्य करने के प्रयास किए। यात्री इतना घबराए हुए थे कि वे एक-दूसरे से बात तक नहीं कर पा रहे थे। यात्रियों ने साथ आए छोटे बच्चों को जैसे-तैसे सुलाया। सब चिंता में सीट बेल्ट बांधे बैठे रहे। एक घंटे के सफर के बाद जब इंदौर नजदीक आया तो थोड़ी स्थिति ठीक हुई। यह सफर जिंदगीभर नहीं भूल पाएंगे।

मुंबई में टेक ऑफ कर रहे प्लेन के ठीक पीछे उतरा इंदौर से गया दूसरा विमान

मुंबई के छत्रपति शिवाजी एयरपोर्ट पर दो जहाज टकराने से बाल-बाल बच गए। दोनों विमानों में कुल 300 यात्री थे। घटना शनिवार सुबह एयर इंडिया की फ्लाइट 657 के साथ हुई। विमान के टेक ऑफ होते ही इसी रनवे पर पीछे से इंदौर से आए इंडिगो के विमान की लैंडिंग होने लगी। इंडिगो ने एटीसी से अनुमति की बात कही है। हालांकि, इस पर एक्शन लेते हुए डीजीसीए ने एटीसी अफसर को ड्यूटी से हटा दिया है।

इंडिगो की फ्लाइट कैंसिल, 14 यात्री हज जाने से चूके
इंडिगो एयर लाइंस की फ्लाइट (6ई-2208/2019) रात 9.55 बजे दिल्ली से इंदौर आकर 10.40 बजे वापस दिल्ली जाती है। लेकिन कल कंपनी ने इस फ्लाइट को निरस्त कर दिया। कंपनी ने एयरपोर्ट प्रबंधन को बताया कि ऑपरेशनल कारणों से उड़ान को निरस्त किया गया है, जिसकी सूचना यात्रियों को दे दी गई थी। हालांकि 14 ऐसे यात्री थे, जिन्होंने एजेंट के जरिए बुकिंग कराई थी उनके पास जानकारी नहीं पहुंच पाई और वे एयरपोर्ट पहुंचकर परेशान होते रहे। घटना शुक्रवार की है।

वैकल्पिक फ्लाइट के लिए अधिकारियों ने कहा कि वे रात 11.05 बजे मुंबई जाने वाली उड़ान से उन्हें मुंबई भेजेंगे और वहां से उन्हें दिल्ली भेज दिया जाएगा। साथ ही सऊदी एयर लाइंस की फ्लाइट में बैठाने के लिए भी पूरा प्रबंध किया जाएगा। लेकिन यह उड़ान भी रात 11.50 बजे रवाना हुई और देरी से पहुंची। इसके कारण यात्री सुबह समय पर दिल्ली नहीं पहुंच पाए। दिल्ली में इंडिगो ने भी कोई मदद नहीं की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *