शीतकालीन सत्र के पहले बड़ा कर्ज लेगी सरकार… विपक्ष के सवाल करने से पहले सरकार ने दे दिए सारे जवाब… कौशल किशोर चतुर्वेदी

शीतकालीन सत्र के पहले बड़ा कर्ज लेगी सरकार… विपक्ष के सवाल करने से पहले सरकार ने दे दिए सारे जवाब…
मध्य प्रदेश सरकार पिछले तीन साल में कितना कर्ज ले चुकी है, इस पर विपक्ष लगातार सवाल करता रहा है। अब एक बार फिर सरकार विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले बाजार से बड़ा कर्ज लेने की तैयारी कर चुकी है। और सरकार को यह पता है कि विपक्ष हर बार की तरह इस बार भी कर्ज पर सवाल करने के लिए उधार बैठा है। इसलिए सरकार ने कर्ज लेने से पहले ही पूरा ब्यौरा देते हुए विपक्ष के सारे सवालों का जवाब खुद ही दे दिया है। शायद सरकार की यही अपेक्षा है कि अब शीतकालीन सत्र में विपक्ष कर्ज को लेकर बेवजह आसमान को सिर पर न उठाए। सवाल पूछने के पहले सरकार द्वारा पहले से ही दिए गए जवाबों का अध्ययन कर यह मान ले कि मोहन सरकार महाजनी के साथ ही
कर्ज लेने का काम कर रही है। विपक्ष को बेवजह चिंता करने और तिल का ताड़ बनाने की जरूरत नहीं है। हालांकि सरकार अपने नजरिये से खुद को सक्षम बता रही है, लेकिन सरकार को यह भी पता है कि कर्ज के नाम पर विपक्ष उसे घेरे बिना नहीं रहेगा।
तो मूल खबर यही है कि राज्य सरकार राजकोषीय अनुशासन और विकास के बीच संतुलन साधते हुए प्रदेश की आर्थिक एवं अधोसंरचनात्मक क्षमता को बेहतर करने के लिए पूंजीगत निवेश बढ़ा रही है। इसी रणनीति के तहत राज्य सरकार एक दिसंबर को 1500 करोड़ रुपये का बाजार ऋण लेगी। भारतीय रिजर्व बैंक की बेंचमार्क इश्यूएंस स्ट्रेटेजी (बीआईएस) के अंतर्गत लिया जाने वाला यह ऋण केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित उधारी सीमा के भीतर है। सरकार का विशेष जोर सड़क, सिंचाई, ऊर्जा और अन्य दीर्घकालिक उत्पादक परिसंपत्तियों के निर्माण पर है। विकासोन्मुख वित्तीय नीति के चलते वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश का पूंजीगत परिव्यय एक लाख करोड़ रुपये के स्तर को पार करने की संभावना है। समयबद्ध ऋण पुनर्भुगतान और बेहतर वित्तीय प्रबंधन के साथ राज्य सरकार प्रदेश की उत्पादन क्षमता, रोजगार के अवसरों और आर्थिक विकास को नई गति देने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
राज्य सरकार द्वारा एक दिसंबर को प्रस्तावित 1500 करोड़ रुपये का बाजार ऋण तीन अलग-अलग हिस्सों में 500,500 एवं 500 करोड़ रुपये के रूप में लिया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भारत सरकार द्वारा प्रदेश की कुल उधारी सीमा लगभग 87 हजार करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसमें प्रथम नौ माह के लिए 58 हजार 274 करोड़ रुपये की बाजार ऋण सीमा स्वीकृत है। माह नवंबर तक राज्य सरकार 51 हजार 900 करोड़ रुपये का बाजार ऋण प्राप्त कर चुकी है। प्रस्तावित ऋण भी निर्धारित सीमा के भीतर है।
राज्य सरकार ने ऋण पुनर्भुगतान में वित्तीय अनुशासन का बेहतर रिकॉर्ड कायम रखा है। राज्य सरकार ने पिछले वित्तीय वर्ष में 29 हजार 980 करोड़ रुपये तथा चालू वित्तीय वर्ष में नवंबर के दूसरे सप्ताह तक 15 हजार 573 करोड़ रुपये का ऋण पुनर्भुगतान किया है। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश सरकार ने अपने ऋण दायित्वों के भुगतान में कभी डिफॉल्ट नहीं किया है। सभी निर्धारित भुगतान समय पर किए गए हैं। यह राज्य की ऋण प्रबंधन क्षमता और वित्तीय विश्वसनीयता को दर्शाता है।
प्रदेश में अधोसंरचना विकास को नई गति देने के लिए पूंजीगत निवेश लगातार बढ़ाया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य का पूंजीगत परिव्यय एक लाख करोड़ रुपये के स्तर को पार करने की संभावना है।
सरकार ने साफ़ किया है कि राज्य सरकार द्वारा प्राप्त ऋण का उपयोग मुख्य रूप से सिंचाई परियोजनाओं, सड़क एवं एक्सप्रेस-वे, विद्युत अधोसंरचना तथा अन्य दीर्घकालिक परिसंपत्तियों के निर्माण के लिए किया जाता है। इन परियोजनाओं से कृषि उत्पादन, औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार और रोजगार के अवसरों में वृद्धि के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
राज्य सरकार के अनुसार वेतन-भत्ते, पेंशन, अनुदान तथा लाड़ली बहना और मुख्यमंत्री किसान कल्याण जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के राजस्व व्यय की पूर्ति के लिए ऋण नहीं लिया जाता। ऋण प्रबंधन में उत्पादक पूंजीगत निवेश को प्राथमिकता दी जाती है।
मध्यप्रदेश सरकार संविधान के अनुच्छेद 293(3) के अंतर्गत केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित उधारी सीमा और राजकोषीय उत्तरदायित्व एवं बजट प्रबंधन अधिनियम (एफआरबीएम) के प्रावधानों के अनुरूप ऋण प्राप्त कर रही है। बजट अनुमान 2026-27 में राज्य का ऋण और सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) का अनुपात 32.53 प्रतिशत अनुमानित है।
प्रदेश में ब्याज भुगतान और राजस्व प्राप्तियों का अनुपात लगभग 10 से 11 प्रतिशत है। यह राज्य की राजस्व प्राप्तियों के मुकाबले ब्याज भुगतान के नियंत्रित स्तर को दर्शाता है। वहीं, पिछले दस वर्षों में प्रदेश की जीएसडीपी 10 प्रतिशत से ऊपर रही है।
राज्य सरकार भारतीय रिजर्व बैंक के निर्धारित तिमाही कैलेंडर के अनुसार योजनाबद्ध तरीके से बाजार ऋण प्राप्त कर रही है, जिससे ऋण प्रबंधन में पारदर्शिता और बेहतर ब्याज दरों का लाभ मिल रहा है।
सार्वजनिक ऋण के आंकलन में केवल प्रति व्यक्ति ऋण को आधार बनाना राज्य की वास्तविक आर्थिक स्थिति का संपूर्ण चित्र प्रस्तुत नहीं करता। ऋण का मूल्यांकन राज्य की जीएसडीपी, राजस्व प्राप्तियों, ब्याज भुगतान क्षमता, पुनर्भुगतान रिकॉर्ड और ऋण से निर्मित उत्पादक परिसंपत्तियों के आधार पर किया जाना आवश्यक है।
मध्यप्रदेश में पिछले दो दशकों के दौरान सड़क नेटवर्क, सिंचाई क्षमता, ऊर्जा और शहरी अधोसंरचना का व्यापक विस्तार हुआ है। राज्य सरकार की वित्तीय नीति का केंद्र ऋण के माध्यम से ऐसी स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण करना है, जो आने वाले वर्षों में प्रदेश की आर्थिक प्रगति और राजस्व क्षमता को मजबूत करे।
मध्यप्रदेश सरकार की विकासोन्मुख वित्तीय रणनीति में ऋण केवल वित्तीय संसाधन जुटाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि भविष्य की आर्थिक क्षमता और अधोसंरचना निर्माण में निवेश का महत्वपूर्ण साधन भी है। राज्य सरकार राजकोषीय अनुशासन, समयबद्ध ऋण पुनर्भुगतान और पूंजीगत निवेश के संतुलन के साथ विकसित मध्यप्रदेश के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रही है।
तो उम्मीद यही है कि सरकार कर्ज लेकर प्रदेश के विकास के मर्ज को साधने का काम इसी तरह जारी रखेगी। और उम्मीद यह भी है कि विपक्ष सरकार को प्रदेश हित में कर्ज के मर्ज पर घेरने का काम करता रहेगा। वैसे तो सरकार ने कर्ज लेने से पहले हर तरह के जवाब विपक्ष के सामने रख दिए हैं लेकिन विपक्ष भी ईमानदारी से, अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सरकार की खैर, ख़बर लेने का काम
करता रहेगा। मूल बात यही है कि शीतकालीन सत्र के पहले सरकार बड़ा कर्ज लेगी…और विपक्ष और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा सवाल करने से पहले सरकार ने सारे जवाब दे दिए हैं ताकि विपक्ष सवाल पूछने के नाम पर सदन का समय बर्बाद न करे। सरकार की उम्मीदों पर विपक्ष कितना खरा उतरता है यह पाँच दिवसीय विधान सभा सत्र में सामने आने वाला है…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *