IPL में ‘रिंग ट्रेंड’ पड़ा भारी: Indian Premier League मैच देखने पहुंची युवती को रील के चक्कर में ₹70,000 का फटका, स्टेडियम में खो गई अंगूठी

आजकल हर जगह बस एक ही धुन सवार है- एक अच्छी सी इंस्टाग्राम रील बन जाए। व्यूज और लाइक्स की चाहत में लोग अक्सर कुछ ऐसा कर बैठते हैं, जिसका पछतावा उन्हें बाद में होता है। ऐसा ही एक वाकया हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के एक मैच के दौरान हुआ, जहां एक लड़की को ‘रिंग ट्रेंड’ फॉलो करना इतना भारी पड़ा कि उसे 70,000 रुपये की चपत लग गई।

क्या है पूरा मामला

यह घटना 11 अप्रैल को महाराजा यादवेंद्र सिंह पीसीए स्टेडियम (PCA Stadium) में खेले गए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और पंजाब किंग्स (PBKS) के मैच की है। खचाखच भरे स्टेडियम में मधु प्रिया नाम की एक दर्शक अपने फोन से इंस्टाग्राम का एक मशहूर ‘रिंग ट्रेंड’ रीक्रिएट करने की कोशिश कर रही थी।
इस ट्रेंड के तहत, कैमरे के सामने अपनी अंगूठी को हवा में उछालकर वापस पकड़ना होता है। लड़की ने स्वैग के साथ अपनी ₹70,000 की महंगी अंगूठी हवा में तो उछाली, लेकिन बदकिस्मती से वह उसे कैच नहीं कर पाई। अंगूठी सीधे नीचे गिरी और स्टेडियम की भीड़भाड़ वाली सीटों के बीच कहीं खो गई।

लड़की के उड़े होश, वीडियो में दिखी परेशानी

मधु प्रिया ने खुद इस घटना का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अंगूठी हाथ से फिसलते ही लड़की के चेहरे की हवाइयां उड़ जाती हैं। वह तुरंत अपनी सीट के आसपास और नीचे झुककर उसे ढूंढने लगती है, लेकिन अंगूठी का कहीं अता-पता नहीं चलता।
वीडियो के कैप्शन में अपना दर्द बयां करते हुए उसने लिखा- 70,000 रुपये का लॉस हो गया। अंगूठी अब तक नहीं मिली है। साथ ही उसने स्टेडियम में मौजूद लोगों से अपील भी की कि अगर किसी को वह अंगूठी मिले, तो वह उन्हें डायरेक्ट मैसेज (DM) करे, जिसके बदले वह उन्हें टिकट की डिटेल्स भी शेयर कर देंगी।

सोशल मीडिया पर लोगों ने लिए मजे

लड़की का यह भारी-भरकम नुकसान इंटरनेट की जनता के लिए हंसी का विषय बन गया है। यूजर्स इस ‘रील ट्रैजेडी’ पर तरह-तरह के मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा- इसी बहाने अब कम से कम पूरे स्टेडियम की सफाई तो हो जाएगी। दूसरे ने सलाह दी- मैडम, अगली बार उंगली में धागा बांध कर रील बनाना। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा- लो भाई, पड़ गई 70 हजार रुपये की रील! हालांकि, कुछ लोगों ने मदद की पेशकश भी की। एक यूजर ने लिखा- आप कौन से स्टैंड में थीं? मैं मैनेजमेंट में कुछ लोगों को जानता हूं, वो इसे ढूंढने में मदद कर सकते हैं।
यह घटना इस बात का सबूत है कि सोशल मीडिया के ‘कूल’ ट्रेंड्स असल जिंदगी में कितने ‘अनकूल’ और महंगे साबित हो सकते हैं। खासकर भीड़भाड़ वाली जगहों पर ऐसे स्टंट्स करने से पहले अपने कीमती सामान का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *