
यह है नवीन भाजपा, नितिन से मिले नरोत्तम… और 24 घंटे में आशुतोष संग भाजपा कार्यकर्ता…
कौशल किशोर चतुर्वेदी
यह नवीन भाजपा है। पार्टी अनुशासन के दायरे में कार्यकर्ता भी हैं और दिग्गज भी हैं। दतिया इसका ताजा उदाहरण है। नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद जिन कार्यकर्ताओं ने इस्तीफों की नदियां बहा दी थीं। 24 घंटे बाद ही वह सभी कार्यकर्ता अब आशुतोष तिवारी के साथ खड़े हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने 11 जुलाई 2026 को ही दतिया में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर साफ कर दिया कि भाजपा दतिया में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भाजपा मेरी मां है और यही भावना प्रत्येक कार्यकर्ता की है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम और संगठन प्रथम की भावना के साथ एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा सरकार के विकास कार्यों पर जनता का पूरा भरोसा है। दतिया की जनता कमल के फूल को भारी मतों से विजयी बनाएगी और भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अत्यंत सकारात्मक और संगठनात्मक भावना का परिचय देते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया है। डॉ. मिश्रा के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा में संगठन सर्वोपरि है। भाजपा दतिया उपचुनाव ऐतिहासिक मतों से जीतने जा रही है। दतिया की जनता उपचुनाव में कमल के फूल को भारी मतों से विजयी बनाएगी।
और 12 जुलाई 2026 को ही भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं दतिया से पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने दतिया उपचुनाव को लेकर कार्यकर्ता बैठक को संबोधित किया। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारतमाला और सागरमाला बना रहे हैं। आप सभी पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर विजय की माला पहनाएं। मोदी जी भारत को विकसित भारत बना रहे हैं। विकसित भारत के साथ विकसित दतिया बनाने के लिए कमल के फूल को विजयी बनाएं। दतिया की जनता ने ठान लिया है कि दतिया के सर्वांगीण विकास के लिए कमल के फूल को जिताना है। आप सभी पार्टी कार्यकर्ता भाजपा का प्रत्याशी बनकर हर गली-मोहल्ले में जाएं और अपने बूथ को ऐतिहासिक मतों से जीतने में जुट जाएं। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता ही हमारे संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। भाजपा में कोई व्यक्ति प्रत्याशी नहीं होता, कमल का फूल ही वास्तविक उम्मीदवार होता है। भाजपा में प्रत्याशी के साथ देवतुल्य सभी कार्यकर्ता चुनाव लड़ते हैं। प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि दतिया में भाजपा का परचम फहराने के लिए आप सभी कार्यकर्ता जुट जाएं।
कुल मिलाकर नवीन भाजपा का मूल सार यही है कि भारतीय जनता पार्टी में चुनाव कोई व्यक्ति नहीं, बल्कि पार्टी, उसकी विचारधारा और कार्यकर्ता लड़ते हैं। भाजपा का चुनाव चिह्न कमल का फूल ही वास्तविक उम्मीदवार होता है और कार्यकर्ताओं की मेहनत ही पार्टी की विजय का आधार बनती है। भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। यह उपलब्धि लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग, समर्पण और वर्षों के अथक परिश्रम का परिणाम है। और यही नवीन भाजपा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व सोमवार 13 जुलाई को प्रातः 11 बजे दतिया कलेक्ट्रेट पहुंचकर दतिया उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का नामांकन दाखिल कराएंगे। तत्पश्चात दोपहर एक बजे किला चौक पर विशाल आमसभा आयोजित होगी।
जनसभा को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल, पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल, मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित वरिष्ठ नेता आमसभा को संबोधित करेंगे।
और यही नवीन भाजपा है जिसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने साफ कर दिया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के साथ वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा द्वारा दतिया में कराए गए विकास कार्यों के आधार पर हम उपचुनाव में जनता के बीच जा रहे हैं। वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात के बाद नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि वह कभी नाराज नहीं थे। उन्होंने कहा कि पार्टी सबसे ऊपर है। तो यह है नवीन भाजपा, नितिन से मिलकर नरोत्तम ने साफ कर दिया कि कोई नाराजगी नहीं जो पार्टी तय करे वही मंजूर है…और 24 घंटे में दतिया के सभी भाजपा कार्यकर्ता पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के साथ हो गए हैं। बाकी चुनाव परिणाम इस पूरे एपिसोड की पटकथा साफ कर ही देगा…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं