उज्जैन गोरकर बंधु हत्याकांड: पुलिस एनकाउंटर में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; रोशन पासी अब भी फरार

उज्जैन के चर्चित गोरकर बंधु दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नीलगंगा थाना क्षेत्र में हुए इस हत्याकांड के दो मुख्य इनामी बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। करोहन गांव के पास घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उनके पैरों में गोली मार दी।

उज्जैन: जिले में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस ने एक बार फिर सख्त तेवर दिखाए हैं। नीलगंगा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोरकर बंधु दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने दो मुख्य इनामी बदमाशों को मुठभेड़ के बाद धर दबोचा है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई करते हुए उनके पैरों में गोली मार दी।

उज्जैन में नीलगंगा दोहरे हत्याकांड के आरोपियों के एनकाउंटर के बाद अस्पताल में भर्ती बदमाश।

करोहन गांव के पास हुई पुलिस मुठभेड़

पुलिस को शनिवार को पुख्ता सूचना मिली थी कि इस दोहरे हत्याकांड के बाद से फरार चल रहे दोनों इनामी बदमाश करोहन गांव के पास छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर हमला कर मौके से भागने की कोशिश की। स्थिति को भांपते हुए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में दोनों को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

 

रंजिश के चलते की गई थी दो सगे भाइयों की निर्ममता से हत्या

गौरतलब है कि पुरानी रंजिश के चलते 18 जुलाई की रात को भाजपा नेता दिलीप राव गोरकर के भतीजे लोकेश और जय की बेहद निर्ममता से हत्या कर दी गई थी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके में तनाव और सनसनी फैल गई थी। पुलिस तभी से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी और उन पर इनाम भी घोषित किया गया था।

रोशन पासी की तलाश अभी भी जारी

इस चर्चित हत्याकांड में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को बड़ी राहत मिली है, हालांकि इस मामले में शामिल कुख्यात बदमाश रोशन पासी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *