रीवा में कोरेक्स मामले पर हंगामा: आरोपी के बचाव में गेट पर बैठे BJP नेता से TI बोले- ‘नौटंकी मत कर, FIR ठोक दूंगा’; नेता ने थप्पड़ मारने और तू-तड़ाक का लगाया आरोप

मध्य प्रदेश के रीवा सिविल लाइन थाने के गेट पर भाजपा नेता और थाना प्रभारी के बीच बहस हुई। भाजपा नेता बंसीलाल साहू नशीली कफ सिरप के मामले में पकड़े गए आरोपी के बचाव में समर्थकों के साथ थाने पहुंचे थे। इसी दौरान वे थाने के मेन गेट पर बैठ गए।

थाना प्रभारी विजय सिंह ने उन्हें उठाया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें TI विजय सिंह भाजपा नेता बंसीलाल साहू को उठाते और उनका हाथ पकड़ते नजर आ रहे हैं। वे कह रहे हैं कि- नौटंकी मत कर, वरना FIR ठोक दूंगा।

इस दौरान दोनों के बीच बहस हुई। TI ने कहा कि थाने में भीड़ के दबाव में काम नहीं होगा। उन्होंने नियम तोड़ने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। साथ ही, सिर पर थप्पड़ भी मारे। बीजेपी नेता से तू-तड़ाक, रे-बे कर बातचीत की। बहसबाजी का वीडियो वायरल हो रहा है।

TI और भाजपा नेता के बीच जमकर बहस।

आइसक्रीम ठेले से 12 सीसी कोरेक्स जब्त

सिविल लाइन पुलिस ने एक आइसक्रीम ठेले से 12 सीसी कोरेक्स सिरप जब्त की थी। पुलिस ने मामले में पुनीत साहू उर्फ पंकज को हिरासत में लिया है। भाजपा नेता बंसीलाल साहू का कहना है कि पुनीत निर्दोष है।

इसी मामले में वे समर्थकों के साथ थाने पहुंचे थे। उनका कहना है कि वे आरोपी के पक्ष में आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करना चाहते थे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बदतमीजी की।

भाजपा नेता बोले- मेरा अपमान हुआ

बंसीलाल साहू ने आरोप लगाया कि पुलिस उनका आवेदन नहीं ले रही थी। उन्होंने कहा कि वे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर थाने पहुंचे थे। उनके मुताबिक, जब थाने में सुनवाई नहीं हुई तो वे मेन गेट पर बैठकर विरोध करने लगे।

बंसीलाल का कहना है कि इसी दौरान उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उससे उनका अपमान हुआ। उन्होंने पुलिस के रवैये पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा- थाना प्रभारी ने बदसलूकी की। गाली-गलौज कर अपमानित किया।

भाजपा नेता बोले- पुलिस ने मेरा अपमान किया।

TI बोले- थाने के गेट पर बैठना गलत

थाना प्रभारी विजय सिंह ने कहा- पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई की थी। मौके से 12 सीसी कोरेक्स सिरप बरामद हुई थी। पुलिस ने इसी मामले में पुनीत साहू उर्फ पंकज को हिरासत में लिया है।

TI के मुताबिक, भाजपा नेता को मामले को लेकर कोई शिकायत या आपत्ति थी तो वे बातचीत या तय प्रक्रिया के तहत अपनी बात रख सकते थे। आश्वासन देने के बावजूद थाने के मेन गेट पर बैठना और सरकारी काम में बाधा डालना सही नहीं है।

कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लेंगे

TI ने कहा कि थाने में भीड़ के दबाव में काम नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने पर कार्रवाई की जाएगी। मामले में कार्रवाई नियमों के अनुसार की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *