Vaibhav Suryavanshi का IPL 2026 में तूफान: 15 साल में सबसे तेज 500 रन का रिकॉर्ड; Rajasthan Royals स्टार का ‘कार्टून’ वाला देसी अंदाज और भोजपुरी बयान वायरल, फैंस बोले—‘जिया हो बिहार के लाला

Vaibhav Suryavanshi on Watching Cartoon; RR vs LSG IPL 2026: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बेबाकी और ‘देसी’ अंदाज से एक बार फिर फैंस का दिल जीत लिया है.

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में भले ही वैभव के बल्ले से बड़ी पारी नहीं निकली और वह 11 गेंदों में 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, लेकिन इस छोटी सी पारी के दौरान उन्होंने इतिहास रच दिया. वैभव अब आईपीएल इतिहास में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 500 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इसके साथ ही वह सबसे कम उम्र में इस जादुई आंकड़े को छूने वाले खिलाड़ी भी बने.

हम आज भी कार्टून देखते हैं – वैभव सूर्यवंशी

मैच के बाद जब भोजपुरी कमेंटेटर ने उनसे उनके बेखौफ अंदाज पर पूछा कि, “जिस उम्र में बच्चे कार्टून देखते हैं, आप गेंदबाजों की गेंद को कार्टून बना रहे हैं, आपके दिमाग में क्या चलता है?” तो वैभव ने बड़ी मासूमियत और बेबाकी से जवाब दिया, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया. वैभव ने मुस्कुराते हुए कहा, “दिमाग में कुछ नहीं चलता है. सच तो यह है कि मैच से पहले हम आज भी कार्टून देखते हैं क्योंकि हमें आदत है. अभी भी देख रहे हैं, बस फोकस खेल पर रहता है.”

वैभव सूर्यवंशी ने भोजपुरी में भी दिया जवाब

इसके बाद वैभव ने पूरी तरह से अपने ‘बिहारी बाबू’ अवतार में आते हुए भोजपुरी में महफिल लूट ली. उन्होंने आगे कहा, “सबके प्लान एहे बा कि आगे अच्छा करे के बा, जीत के 2 पॉइंट्स लेवे के बा और आगे बढ़े के बा.” वैभव का यह ठेठ भोजपुरी अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उनकी सादगी और खेल के प्रति गंभीरता की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन

आंकड़ों की बात करें तो आईपीएल 2026 में वैभव का धमाका जारी है. वह अब तक खेले गए 7 मैचों में 220.86 के शानदार स्ट्राइक रेट और 36.29 की औसत से 254 रन बना चुके हैं. वैभव इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, वहीं ओवरऑल ऑरेंज कैप की रेस में वह चौथे स्थान पर काबिज हैं. जिस तरह से 15 साल का यह लड़का मैदान पर गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा रहा है और मैदान के बाहर अपनी बातों से सबका मनोरंजन कर रहा है, उसे देखते हुए क्रिकेट जगत में यह चर्चा तेज है कि बहुत जल्द वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया की जर्सी में नजर आएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *