बिप्लब के साथ मध्य प्रदेश भाजपा का क्रांतिकारी युग शुरू हो रहा है… कौशल किशोर चतुर्वेदी

बिप्लब के साथ मध्य प्रदेश भाजपा का क्रांतिकारी युग शुरू हो रहा है…
हिंदी में विप्लव का अर्थ विद्रोह, क्रांति, उथल-पुथल, उपद्रव या भारी हलचल होता है। इसे सरकार या सत्ता के खिलाफ बड़ा संघर्ष या बगावत के रूप में भी परिभाषित किया जाता है। व्यवस्था में अचानक होने वाला बड़ा बदलाव या अव्यवस्था भी विप्लव शब्द के मायने बताता है। तो विप्लव को हंगामा, अशांति या बलवा के अर्थ में भी देखा जाता है। अन्य अर्थ में विपत्ति, आफत, विनाश या पानी की बाढ़ भी शामिल हैं। विप्लव और बिप्लब शब्द के यही अर्थ सामने आ रहे हैं। और अगर इस संदर्भ में देखा जाए तो बिप्लब के आने से मध्य प्रदेश भाजपा में क्रांति या बदलाव जैसे संकेत नजर आ रहे हैं।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में बिप्लब देव और प्रदेश से सह प्रभारी रेखा वर्मा के साथ मध्य प्रदेश के भाजपा नेताओं में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, लाल सिंह आर्य आदि शामिल हैं। राजनीतिक समझ रखने वाले सभी यही मान रहे हैं कि अब विपरीत ध्रुव के मन की बात भी विप्लव तक पहुंचेगी और उसके बाद तय समयानुसार में उनकी समस्याओं और पीड़ा के निराकरण की संभावनाएं भी कार्यकर्ताओं के मन में आकार लेंगी। विधानसभा चुनाव 2023 में मध्य प्रदेश में शिवराज, विष्णुदत्त शर्मा और हितानंद का युग था तो अब मोहन, हेमंत और चन्द्रशेखर का युग है। इसमें प्रभारी के तौर पर जुड़े विप्लव की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण नजर आने वाली है। जिनका साथ मजबूती से अपनी भूमिका निभाने वाली रेखा वर्मा भी खड़ी नजर आएंगी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव, मध्यप्रदेश के प्रभारी व सांसद बिप्लब कुमार देब, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी श्रीमती रेखा वर्मा तथा प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर की उपस्थिति में प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक संपन्न हुई। बैठक में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कोर ग्रुप के अधिकांश सदस्य उपस्थित रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कोर ग्रुप की बैठक में संगठन की मजबूती और जनसेवा के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ भाजपा सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने सहित अन्य सभी विषयों पर मंथन हुआ है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि आज से ही पार्टी के प्रदेश प्रभारी, प्रदेश सह प्रभारी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री ने आज संगठनात्मक गतिविधि और गति देने का कार्य प्रारंभ किया है। कोर ग्रुप की बैठक में संगठन और सरकार से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मैंने प्रदेश संगठन के आगामी कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याण एवं विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, पार्टी के समक्ष आने वाली चुनौतियों तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के विषय पर भी विस्तृत चर्चा हुई। कोर ग्रुप के सदस्यों ने अपने विचार एवं महत्वपूर्ण सुझाव दिए। आने वाले समय में किन विषयों को लेकर पार्टी को जनता के बीच जाना है और संगठन की गतिविधियों को किस प्रकार और अधिक प्रभावी बनाना है, इस पर भी विचार-विमर्श किया गया।खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा का मूल उद्देश्य संगठन की शक्ति के माध्यम से जनसेवा को और व्यापक बनाना है। सरकार और संगठन मिलकर जनता की सेवा के कार्यों को और आगे बढ़ाएं तथा संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने के लिए क्या बेहतर किया जा सकता है, इस पर बैठक में गंभीरता से मंथन हुआ। उन्होंने कहा कि आज जिन विषयों और सुझावों पर चर्चा की गई है, उन विषयों की प्रगति की समीक्षा आगामी महीनों में होने वाली कोर ग्रुप की बैठक में की जाएगी।
तो यही कहा जा सकता है कि प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी बहुत जल्दी मध्यप्रदेश की राजनीति और भाजपा नेताओं को समझ कर प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के साथ प्रदेश में
भाजपा को मजबूत करेंगे तो साथ ही, कार्यकर्ताओं के मन की बात समझेंगे। वहीं विप्लव देव यही कोशिश करेंगे कि मध्य प्रदेश में भाजपा के अलावा अन्य सभी राजनीतिक दल एक रेखा के भीतर
रहकर भाजपा के सत्ता में बने रहने में सहयोग करेंगे। यह तो हमें आने वाला समय बताएगा लेकिन फिलहाल तो यही संभावना जताई जा सकती है कि विप्लव के साथ मध्यप्रदेश, भाजपा में उथल पुथल भी होगी, क्रांति भी होगी और बहुत कुछ बदला-बदला नजर आने वाला है…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *