ग्वालियर की जीवाजी यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक भवन में एक युवक के जमकर हंगामा करने का मामला सामने आया है। उसने खुद को ‘किंग’ बताते हुए सहायक कुलसचिव के कमरे की दीवारों, दरवाजों और सरकारी अलमारी पर काली स्याही से आपत्तिजनक बातें लिख दीं। इस वजह से कुछ देर के लिए यूनिवर्सिटी का कामकाज भी प्रभावित हो गया।

आरोपी के हंगामा व दीवार पर अभद्र भाषा के लिखने पर कर्मचारी अपने-अपने ऑफिस से बाहर आ गए
मामला 9 जून की शाम करीब 4:40 बजे का है। यूनिवर्सिटी प्रशासन की शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने शनिवार रात आरोपी राजवंश पंडित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
जबरन घुसा और दीवारों पर लिखने लगा
जानकारी के मुताबिक राजवंश पंडित प्रशासनिक भवन की पहली मंजिल पर स्थित सहायक कुलसचिव (प्रशासन) कुलदीप सिंह चौहान के कमरे में जबरन घुस गया। वहां उसने अपने पास रखी काली स्याही से दीवारों, अकादमी शाखा के दरवाजे और बाहर रखी लोहे की अलमारी पर अभद्र बातें लिखनी शुरू कर दीं।

गार्ड ने रोका तो धमकाया
सुरक्षा गार्ड राजवीर सेंगर ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी नहीं माना। उसने गार्ड को भी धमकाया और लगातार लिखता रहा। उसने कई जगह बड़े अक्षरों में ‘KING’ भी लिख दिया। हंगामा देखकर कर्मचारी और अधिकारी अपने कमरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते वहां भीड़ लग गई और कामकाज रुक गया।
गोपनीय रिकॉर्ड रूम में भी घुस गया
यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि आरोपी उन रिकॉर्ड रूम तक भी पहुंच गया था, जहां रिजल्ट, डिग्रियां और दूसरे महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे जाते हैं। इन कमरों में आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहता है। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
पहले भी दर्ज हैं गंभीर मामले
यूनिवर्सिटी अधिकारियों के मुताबिक राजवंश पंडित का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से है। उस पर पहले भी गंभीर मामलों में केस दर्ज हो चुके हैं। प्रशासन का कहना है कि वह पहले भी विवादों में रहा है।
CCTV और वीडियो पुलिस को सौंपे
घटना के बाद सहायक कुलसचिव कुलदीप सिंह चौहान ने 11 जून को थाने में शिकायत दी। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने CCTV फुटेज और कर्मचारियों के मोबाइल से बनाए गए वीडियो पुलिस को पेनड्राइव में सौंपे हैं। इनमें आरोपी की पूरी हरकत रिकॉर्ड है।
आरोपी की तलाश जारी
विश्वविद्यालय थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि शासकीय कार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और दहशत फैलाने जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।