इंदौर के राजा भोज ढाबे पर पुलिस की कार्रवाई, बिना लाइसेंस शराब परोसने के मामले में राजा रघुवंशी के दोनों भाइयों समेत 5 पर केस, जेल भेजा

इंदौर पुलिस ने राजा रघुवंशी के दोनों भाई विपिन रघुवंशी और सचिन रघुवंशी सहित पांच लोगों पर कार्रवाई की है। पुलिस ने यह कार्रवाई उनके ढाबे पर बिना लाइसेंस के शराब परोसने पर की।

दरअसल, शुक्रवार रात पुलिस राऊ क्षेत्र में होटल और ढाबों की चेकिंग कर रही थी। टीम ने एक के बाद एक कई ढाबे और होटल चेक किए। इसके बाद पुलिस की टीम राजा भोज ढाबे पर पहुंची, जहां का नजारा देखकर पुलिस हरकत में आई। यहां लोग टेबलों पर बैठकर शराब पीते मिले। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भी चौंक गए।

एसीपी निधि सक्सेना।

बिना लाइसेंस परोसी जा रही थी शराब

इधर, एसीपी निधि सक्सेना ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस ने राऊ इलाके में चैकिंग की थी। चैकिंग के दौरान इलाके के होटलों और ढाबों को चेक किया गया। इस दौरान टीम राजा भोज ढाबे पहुंची। यहां पर पाया गया कि यहां पर बिना लाइसेंस के शराब परोसी जा रही थी।

इस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और पांच लोगों पर कार्रवाई की है। इसमें सचिन रघुवंशी, विपिन रघुवंशी, शिव यादव, शुभम और विशाल शामिल है। कार्रवाई करने के साथ ही प्रतिबंधात्मक धाराओं में जेल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने ढाबे पर काम करने वालों की जानकारी भी थाने पर नहीं दी थी। पिछले काफी वक्त से ये ढाबा यहां संचालित हो रहा है।

लगातार जारी रहेगी चेकिंग

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में राऊ थाना क्षेत्र में होटल, ढाबों और लॉज की लगातार जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस शराब पिलाने या पुलिस के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *