बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्रालय के सीनियर अकाउंटेंट योगेश साहू और उनके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि महाकाल मंदिर क्षेत्र में प्रसाद और फूल की दुकान चलाने वालों ने परिवार पर सामान खरीदने का दबाव बनाया। मना करने पर विवाद बढ़ गया और 4-5 लोगों ने परिवार के सदस्यों के साथ हाथापाई की। घटना में महिलाओं समेत कई लोगों को चोटें आई हैं। शिकायत के बाद महाकाल पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
योगेश साहू मंगलवार को पत्नी, बहन और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ग्वालियर से उज्जैन पहुंचे थे। योगेश के मुताबिक मंदिर क्षेत्र में प्रसाद की दुकानों पर बैग रखने के बहाने उन्हें दुकान पर बुलाया गया। दुकानदारों ने बैग रखने के बदले प्रसाद खरीदने को कहा। परिवार ने करीब 100 से 150 रुपए का प्रसाद खरीदा और वहां से आगे बढ़ने लगा।


और प्रसाद खरीदने का बनाया दबाव
आरोप है कि इसके बाद दुकानदारों ने परिवार से और प्रसाद खरीदने के लिए कहा। मना करने पर विवाद शुरू हो गया। योगेश का कहना है कि 4-5 लोग उनके पीछे आए और परिवार के साथ हाथापाई की। इस दौरान खरीदा हुआ प्रसाद भी छीन लिया गया।
महिलाओं और बच्चे से भी धक्का-मुक्की
मारपीट में अंकिता साहू की कोहनी में चोट आई है। योगेश साहू के गाल पर थप्पड़ मारने का आरोप है। ओमप्रकाश साहू, नेहा कुमारी शाह, हर्ष देवी साहू और अंजली साहू के साथ भी धक्का-मुक्की हुई। परिवार के साथ मौजूद एक छोटे बच्चे को लेकर भी विवाद के दौरान घबराहट का माहौल बन गया। नेहा कुमारी शाह के गर्भवती होने के कारण परिवार के सदस्य घटना को लेकर और अधिक चिंतित हो गए।
एक युवक हिरासत में, पूछताछ जारी
परिवार ने घटना की शिकायत महाकाल थाने में की। पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।