गुरुग्रा गुरुग्राम में महिला बाइकर सिया को कार से टक्कर मारने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. आरोपी कल्याण बैंसला के सामने आने और घटना को दुर्घटना बताने के बाद अब सिया ने सोशल मीडिया पर नया वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है.
वीडियो में सिया ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि उसे उनके लिए दुख था तो टक्कर मारने के बाद वह मौके पर क्यों नहीं रुका. सिया ने यह भी दावा किया कि उन्हें महिला बाइकर देखकर निशाना बनाया गया और जानबूझकर रोकने की कोशिश की गई. मामले में पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.
इंस्टाग्राम वीडियो में सिया ने उठाए कई सवाल
लेडी बाइकर सिया ने अपने नए इंस्टाग्राम वीडियो में आरोपी कल्याण बैंसला पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि यदि आरोपी को घटना का पछतावा था तो वह टक्कर मारने के बाद मौके पर क्यों नहीं रुका. सिया ने सवाल उठाते हुए कहा, ‘अगर आपको मेरे लिए दुख हो रहा था तो आप कार से टक्कर मारने के बाद रुके क्यों नहीं? मेरी जान जा सकती थी.’ उन्होंने कहा कि टक्कर के बाद आरोपी ने यह तक जानने की कोशिश नहीं की कि वह सुरक्षित हैं या नहीं.

एक सेकंड भी नहीं रुका आरोपी’
सिया ने वीडियो में कहा कि कार से टक्कर मारने के बाद कल्याण बैंसला एक सेकंड के लिए भी नहीं रुका. उनका कहना है कि हादसे के बाद मौके से भाग जाना घटना को और गंभीर बनाता है. सिया ने कहा कि ऐसे लोगों की वजह से महिलाओं को दिल्ली-गुरुग्राम की सड़कों पर असुरक्षित महसूस होता है. उन्होंने कहा, ‘ऐसे लोगों पर शर्म आती है. महिलाओं को दिल्ली-गुरुग्राम की सड़कों पर अनसेफ फील होता है.’
क्या दो वीडियो भी सबूत के लिए काफी नहीं?’
सिया ने आरोपी से सवाल किया कि क्या हिट एंड रन जैसे मामले में सामने आए दो वीडियो भी पर्याप्त सबूत नहीं हैं. उन्होंने दावा किया कि घटना पूरी तरह कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और उसमें साफ दिख रहा है कि कार उनकी बाइक को टक्कर मारती है और चालक मौके से भाग जाता है. सिया ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें महिला बाइकर देखकर निशाना बनाया गया और कार चालक ने उन्हें रोकने की कोशिश की.
आरोपी ने गलती मानी, लेकिन जानबूझकर टक्कर से किया इनकार
इससे पहले सोमवार को आरोपी कल्याण बैंसला ने अपनी गलती स्वीकार की थी, लेकिन उसने जानबूझकर टक्कर मारने के आरोप से इनकार किया. खुद को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी और जिम संचालक बताने वाले बैंसला ने कहा था कि यू-टर्न के पास कार पर से उसका नियंत्रण खो गया था. उसने यह भी दावा किया कि उसे डर था कि बाइक सवारों का समूह उसे और उसके परिवार को पीट सकता है, इसलिए वह घटनास्थल से चला गया. विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद कर दिया.
कैसे हुई थी घटना?
सिया के अनुसार, वह रविवार को अन्य बाइकर्स के साथ गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक चला रही थीं. इसी दौरान एक कार उनका पीछा करने लगी.
पुलिस ने बनाई विशेष टीमें
गुरुग्राम पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज किया है. सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अभिलक्ष जोशी के अनुसार आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और धारा 125 (चोट पहुंचाना) के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसे पकड़ने के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है. वहीं कार मालिक मनीष ने कहा है कि घटना के समय वह वाहन नहीं चला रहा था और कार उसके दोस्त कल्याण बैंसला के पास थी.