महाराष्ट्र के अंबोली वॉटरफॉल में टला बड़ा हादसा, बच्चे को गोद में लिए पिता के कंधे पर चट्टानों से आ गिरा विशाल सांप; टूरिस्ट ने शेयर किया 34 सेकंड का VIDEO

महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में स्थित मशहूर अंबोली वॉटरफॉल पर छुट्टियां मनाने आए एक परिवार के साथ हादसा होते-होते टल गया. झरने के नीचे अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर खड़े एक शख्स के कंधे पर अचानक ऊपर चट्टानों से एक बड़ा सांप आ गिरा. राहत की बात यह रही कि सांप किसी को नुकसान पहुंचाए बिना पत्थरों के बीच फिसल गया और बच्चा व पिता दोनों बाल-बाल बच गए.

झरने के नीचे खड़े शख्स पर सांस गिरते हुए बनाए गए वीडियो का

कैमरे में कैद हुआ खौफनाक पल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे वहां मौजूद किसी टूरिस्ट ने रिकॉर्ड किया था. 34 सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि शख्स फिसलन भरे पत्थरों पर बच्चे को सीने से लगाए खड़ा है और उसका परिवार पीछे पानी में मस्ती कर रहा है. तभी अचानक पहाड़ी के ऊपरी हिस्से से एक भारी-भरकम सांप सीधा शख्स के कंधे पर आ गिरता है.

पत्थरों के बीच से होते हुए पानी में चला गया सांप

सांप गिरते ही शख्स के कंधे से फिसलकर नीचे पत्थरों की दरारों में छिप गया और फिर तेजी से पानी में चला गया. अचानक हुए इस वाकये से पूरे झरने पर अफरातफरी मच गई और लोग चिल्लाते हुए दूर भागने लगे. वीडियो में एक पर्यटक को घबराकर कहते सुना जा सकता है, ‘यह बहुत बड़ा कोबरा है’. हालांकि, सांप असल में किस प्रजाति का था, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है.

बारिश के मौसम में ऐसे जगहों पर सर्तकता जरूरी

बारिश के दिनों में महाराष्ट्र के अंबोली झरने जैसी जगहों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ती है. लेकिन इस घटना ने साफ कर दिया है कि मानसून के दौरान नदी-झरनों और जंगलों के आसपास जाना कितना खतरनाक हो सकता है. जानकारों का कहना है कि बारिश में जंगली जीव सूखी जगह या छिपने के लिए चट्टानों और घनी झाड़ियों का सहारा लेते हैं. इसलिए ऐसे पर्यटन स्थलों पर जाते समय पत्थरों की दरारों और घनी झाड़ियों से दूरी बनाकर रखनी चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *