इंदौर में अरबिंदो यूनिवर्सिटी के ‘हार्मोनी’ फेस्ट में मधुमक्खियों का हमला, पटाखे की चिंगारी से भड़का छत्ता; मची भगदड़, 20 छात्र घायल, 9 ICU में भर्ती

इंदौर की अरबिंदो यूनिवर्सिटी के एनुअल फेस्ट ‘हार्मोनी’ में गुरुवार दोपहर मधुमक्खियों के हमले से भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए स्टूडेंट्स इधर-उधर भागने लगे। कुछ ने सिर पर चुन्नी और कपड़ा डालकर खुद को बचाने की कोशिश की, तो कई कार्यक्रम स्थल के कोनों में छिप गए।

घटना में करीब 20 स्टूडेंट्स घायल हुए हैं। इनमें से 9 को ICU में भर्ती कराने की जानकारी सामने आई है। सभी स्टूडेंट्स मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं।

भागते और छिपते दिखे स्टूडेंट्स

घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें स्टूडेंट्स मधुमक्खियों से बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। कुछ बच्चे सिर पर चुन्नी और कपड़ा डालकर खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि कई कार्यक्रम स्थल के कोनों में छिपकर बैठे दिखाई दे रहे हैं। अचानक हुए इस हमले से बच्चों में दहशत फैल गई।

एनुअल फेस्ट के दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया।

जान बचाने के लिए छात्रों ने कपड़ों में अपना सिर छिपाकर नीचे बैठे रहे।

कुछ छात्रों ने चुन्नियों का सहारा लिया। मधुमक्खियों ने 20 से ज्यादा लोगों को काट दिया।

पटाखे की चिंगारी छत्ते तक पहुंची

नाम नहीं बताने की शर्त पर एक विद्यार्थी ने बताया कि अरबिंदो कॉलेज में एनुअल फेस्ट ‘हार्मोनी’ का आयोजन किया जा रहा था। कार्यक्रम में करीब 250 स्टूडेंट्स शामिल थे। इसी दौरान एक पटाखा फोड़ा गया। पटाखा फूटकर पास में लगे मधुमक्खियों के छत्ते पर जा लगा। इसके बाद छत्ते से बड़ी संख्या में मधुमक्खियां उड़कर कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गईं और स्टूडेंट्स पर हमला कर दिया।

20 स्टूडेंट्स घायल, 9 ICU में भर्ती

मधुमक्खियों के हमले में घायल स्टूडेंट्स को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उनके सिर, चेहरे, हाथ और गर्दन सहित शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर डंक लगे हैं। अस्पताल में सभी प्रभावित स्टूडेंट्स को इंजेक्शन लगाए गए। जानकारी के अनुसार, 9 बच्चों को ICU में भर्ती किया गया है।

कॉलेज प्रबंधन बोला- सभी बच्चे स्वस्थ

घटना को लेकर कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि पटाखे के कारण मधुमक्खियों का छत्ता प्रभावित हुआ था, जिसके बाद कुछ बच्चों को चोट आई। प्रबंधन के मुताबिक, अब सभी बच्चे स्वस्थ हैं। हालांकि, घटना के बाद कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था और पटाखे फोड़ने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *