इंदौर में ट्रांसपोर्टर संजय भूरिया से 10 करोड़ की फिरौती मांगकर जान से मारने की धमकी, रोहित गोदारा गैंग के नाम से 70 वॉइस मैसेज भेजे; सुरक्षा में निजी हथियारबंद गार्ड तैनात, पत्नी-परिजनों को चूरू भेजा, बदमाशों ने चारों कारों के नंबर और रंग बताकर बढ़ाई दहशत।

10 करोड़ रुपए की फिरौती और जान से मारने की धमकियों के बाद ट्रांसपोर्टर संजय भूरिया ने अपनी सुरक्षा के इंतजाम कड़े कर लिए हैं। उन्होंने खुद की सुरक्षा के लिए निजी हथियारबंद गार्ड तैनात किए हैं

वहीं, परिवार को खतरे से दूर रखने के लिए पत्नी और अन्य परिजनों को राजस्थान के चूरू स्थित पैतृक गांव भेज दिया है। रोहित गोदारा गैंग के नाम से धमकी देने वाले बदमाश एफआईआर दर्ज होने के बाद भी लगातार संपर्क कर रहे हैं। वे संजय को पुलिस और प्रशासन से मदद लेने के बावजूद बच नहीं पाने की चेतावनी दे रहे हैं।

फिरौती की रकम दिए बिना कोई नहीं बचा सकता

लसूड़िया क्षेत्र की सिंगापुर टाउनशिप में रहने वाले संजय को विदेशी नंबरों और एक विशेष ऐप के जरिए कॉल और वॉइस मैसेज भेजे जा रहे हैं। धमकी देने वाला सोहन सिंह नाम का व्यक्ति राजस्थानी लहजे में बात करता है।

उसका कहना है कि संजय पुलिस, प्रशासन, राजनीतिक लोगों या किसी दूसरी गैंग से मदद मांग लें, लेकिन फिरौती की रकम दिए बिना उन्हें कोई नहीं बचा पाएगा। बदमाशों ने संजय और उनके बेटे पर कभी भी हमला करने की धमकी दी है।

चार कारों के नंबर और रंग तक बताए

धमकी देने वालों ने संजय को उनकी चार कारों के नंबर और रंग तक बता दिए हैं। उन्होंने बातचीत में यह भी कहा कि उन्हें पता है कि संजय किस रंग की कार से कब निकलते हैं। इससे संजय और उनका परिवार ज्यादा डरा हुआ है। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों ने एक ऐप के माध्यम से संजय के वाहनों की जानकारी जुटाई है। संजय के पास एक ही नंबर सीरीज की कई गाड़ियां हैं।

70 वॉइस मैसेज भेजकर मांगे थे 10 करोड़

करीब एक सप्ताह पहले संजय भूरिया को विदेशी नंबरों और विशेष ऐप के जरिए कॉल और करीब 70 वॉइस मैसेज भेजे गए थे। इनमें रोहित गोदारा गैंग के गुर्गे सोहन सिंह के नाम से 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। बदमाशों ने संजय और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी। साथ ही उनके कारोबार और वाहनों की रेकी करने का दावा किया था।

मामले में क्राइम ब्रांच ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए दो टीमें बनाई हैं। पुलिस कॉल और वॉइस मैसेज के तकनीकी पहलुओं के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। हालांकि, एफआईआर के बाद भी धमकियां मिलने से संजय की चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *