
सत्ताधारी दल को आईना दिखा रहे राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजे…
राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है और भाजपा को बड़ी हार मिली है। मंत्रियों के पत्नी, बेटे और बहू हार गए हैं, आईएएस और आईपीएस की पत्नी भी हार गई हैं। मध्य प्रदेश के लिए यह चुनाव परिणाम चौंकाने और चेताने वाले हो सकते हैं क्योंकि अप्रैल मई में मध्यप्रदेश सरकार भी पंचायत चुनावों में जाने वाली है। हालांकि, यह माना जाता है कि पंचायत चुनाव में सत्तारूढ़ दल के प्रति मतदाताओं का रवैया अच्छा नहीं रहता है। लेकिन तब भी विपक्षी दल की भारी बढ़त कहीं न कहीं सत्तारूढ़ दल की बेचैनी तो बढ़ाती है। और पंचायत चुनाव कम से कम यह तो आईना दिखाते ही हैं कि सरकार के कामों से ग्रामीण मतदाता कितना खुश है या कितनी नाराजगी है।
राजस्थान राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान के पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस ने भाजपा पर स्पष्ट बढ़त बना ली है। 20 नवंबर की शाम तक पंचायत समिति की जिन 3,462 सीटों के नतीजे सामने आए, उनमें से कांग्रेस ने 1,882 सीटें जीती हैं, जबकि भाजपा 1,149 सीटों के साथ पीछे थी।
राजस्थान के मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी, बेटे दुर्गा सिंह खर्रा और अजय सिंह चुनाव हार गए। खर्रा के छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा भी चुनाव हार गईं। उन्होंने जिला परिषद के वार्ड-23 से निर्दलीय चुनाव लड़ा था।डीआईजी अरशद अली की पत्नी
ज़रीना ख़ान चुनाव हार गई हैं। कठूमर के विधायक रमेश खींची की दो बहुएं दीपिका और बिंदू चुनाव हार गई हैं।दौसा जिले के सिकंदरा पंचायत समिति के वार्ड-13 में आईएएस सुमेर सिंह गुर्जर की पत्नी पिंकी गुर्जर चुनाव हार गई हैं। सांसद संजना जाटव के जेठ श्रीनिवास जाटव कठूमर में हारे। यहाँ तक कि वसुंधरा राजे सहित बड़े-बड़े दिग्गजों के क्षेत्रों में पंचायत चुनाव में भाजपा को बड़ी हार मिली है।
राजस्थान में पंचायत चुनाव की मतगणना 20 नवंबर 2026 को सुबह से जारी थी। सुबह 8 बजे से कांग्रेस औरक बीजेपी के बीच किसकी जीत होगी, इसे लेकर राजस्थान की सियासत गर्म थी। इस साल राजस्थान के कुल 41 जिलों में पंचायत चुनाव कराए गए हैं। मतदान चार चरणों में 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 14 नवंबर को कराए गए थे। और मतगणना के नतीजों ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को भी संजीवनी प्रदान की है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2026 के नतीजों को भाजपा सरकार के खिलाफ ग्रामीण जनता की नाराजगी का नतीजा बताया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण मतदाताओं ने कांग्रेस को जिताकर भाजपा को स्पष्ट संदेश दे दिया है। साथ ही, उन्होंने नगर निगम चुनावों में धांधली का आरोप भी लगाया। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने परिणामों की समीक्षा करने और अपनी गलतियों का मूल्यांकन करने का संकेत दिया है। मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी जनमत को स्वीकार करती है और उन्होंने हार की जिम्मेदारी ली है।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में पंचायत चुनाव इस बार समय से पहले होने की संभावना है। मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार 23 हजार पंचायतों में इस बार कार्यकाल पूरा होने से पहले ही चुनाव कराने की तैयारी में दिख रही है। पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने इस बात के संकेत दिए हैं कि अप्रैल-मई 2027 में मध्य प्रदेश में पंचायतों के चुनाव हो सकते हैं। क्योंकि सरकार इस बार पंचायत राज व्यवस्था बदलाव की तैयारी में दिख रही है। आम तौर पर पंचायतों का कार्यकाल जुलाई-अगस्त तक पूरा होना था, लेकिन सरकार उसके पहले ही चुनाव कराना चाहती है, जिसके लिए पंचायत विभाग ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य बात यह है कि चुनाव कब हो रहे हैं, यह ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि महत्वपूर्ण यही है कि सत्ताधारी दल पंचायत चुनावों में कितनी सफलता हासिल कर पाती है। इसके आधार पर ही यह तय होता है कि ग्रामीण मतदाताओं में सरकार के प्रति संतुष्टि का क्या भाव है? राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजे सत्ताधारी दल को आईना दिखा रहे हैं। राजस्थान भाजपा प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने माना कि पार्टी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा नतीजों की समीक्षा करेगी, कमियों का पता लगाएगी और आगे के चुनावों से पहले सुधारात्मक कदम उठाएगी। परिणाम प्रतिकूल होने पर यह विकल्प ही सामान्य तौर पर, सत्ताधारी दल के खाते में आता है।अब देखना यह है कि नए वर्ष में मध्यप्रदेश में होने वाले पंचायत चुनाव सरकार को खुश करते हैं या विपक्ष को ख़ुशी का बड़ा तोहफा देते हैं…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।