SpiceJet की फ्लाइट में देरी पर दिल्ली एयरपोर्ट पर भारी हंगामा, भड़के यात्रियों को कर्मचारी ने दी ‘बाहर मिलो, फिर बताता हूं’ की धमकी; वीडियो वायरल

बीते काफी समय से स्पाइसजेट (SpiceJet) की फ्लाइट कैंसिल और लेट हो रही है. जिसके चलते एयरपोर्ट पर यात्रियों और स्पाइसजेट के कर्मचारियों के बीच नोकझोंक की घटनाएं सामने आ रही हैं. 2 दिनों के अंदर एक्स पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें यात्रियों ने स्पाइसजेट की फ्लाइट में देरी होने के बाद एयरपोर्ट पर भारी हंगामा काटा है.

एक वीडियो के अनुसार, दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर यात्रियों के भारी विरोध के बाद कर्मचारियों ने बाहर देख लेने की धमकी दी, जिसका वीडियो काफी वायरल हो रहा है. फ्लाइट में देरी और बवाल के बीच दिल्ली एयरपोर्ट की तरफ से भी बयान आया है.

फ्लाइट में देरी पर उठे सवाल

दरअसल, एक्स पर एक यूजर @sirajnoorani ने एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने दावा किया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर SpiceJet एयरलाइन का बेहद निराशाजनक व्यवहार सामने आया है. फ्लाइट लेट होने के कारण यात्री एयरपोर्ट पर फंसे हुए थे. एक्स यूजर ने कहा कि नियम के अनुसार, अगर फ्लाइट लेट होती है और लंबा इंतजार करना पड़ता है तो एयरलाइन को यात्रियों के लिए खाने-पीने और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करनी चाहिए.

कर्मचारियों पर धमकी देने का आरोप

स्पाइसजेट पर आरोप है कि इस दौरान एयरलाइन ने यात्रियों को कोई सही जानकारी नहीं दी. न ही स्पाइसजेट की तरफ से यात्रियों को कोई सुविधाएं दी गई. जिसके कारण यात्रियों ने विरोध दर्ज कराया. यूजर ने दावा किया कि हद तो तब पार हो गई, जब एक कर्मचारी ने यात्रियों को धमकी भरे में लहजे में कहा, “बाहर मिल, तब बताते हैं.”

इसके बाद यात्रियों के सब्र का बांध टूट गया. गुस्साए यात्रियों ने एकजुट होकर ताली बजाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी. जवाब में यात्री भी चिल्लाकर कहने लगे, “आओ, बाहर निकलो.” एक्स पर वायरल इस वीडियो पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए एयरलाइन की आलोचना की है. एक यूजर ने कमेंट किया कि जब इस चाट मसाला एयरलाइंस में नैतिकता नाम की कोई चीज नहीं है, तो यह चल ही क्यों रही है?

लोग बोले- ऐसा व्यवहार स्वीकार्य नहीं है

वहीं, दूसरी यूजर ने कमेंट में लिखा, “फ्लाइट में देरी होना एक समस्या है, लेकिन यात्रियों के साथ बदसलूकी और धमकी भरा व्यवहार किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है.” एक और एक्स यूजर @Fareeha012 ने कमेंट किया कि महंगे टिकट लेने के बाद यात्रियों को सम्मान और सुविधा मिलना उनका अधिकार है, एयरलाइन की जिम्मेदारी है कि देरी होने पर सही जानकारी दें और यात्रियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें

वहीं, यात्रियों के हंगामे के बीच दिल्ली एयरपोर्ट ने बयान जारी किया है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा कि SpiceJet एयरलाइंस द्वारा सामना की जा रही परिचालन चुनौतियों के कारण, कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं, यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति और यात्रा योजनाओं के बारे में नवीनतम जानकारी के लिए सीधे स्पाइसजेट से संपर्क करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *