दीपके नेहरू और दुनिया मोदी की बात कर रही है… कौशल किशोर चतुर्वेदी

दीपके नेहरू और दुनिया मोदी की बात कर रही है…
भारत में अब अक्सर देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चर्चा होते दिख रही है। कॉकरोच जनता पार्टी के उदय के बाद अभिजीत दीपके यदा कदा नेहरू को चर्चा में ला ही देते हैं। और भाजपा को मुखर होने का एक मौका दे ही देते हैं। वहीं यह भी एक संयोग ही है कि जब नेहरू की चर्चा होती है तब देश और दुनिया में मोदी की चर्चा भी हो ही जाती है। हाल ही में दीपके ने जहां नेहरू की तारीफ की हैं वहीं ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट की एशिया पावर इंडेक्स 2026 रिपोर्ट में भारत को एशिया के तीसरे सबसे ताकतवर देश के रूप में और मोदी को दूसरे सर्वाधिक शक्तिशाली नेता के रूप में स्थान दिया गया है।
अभिजीत दीपके ने 22 नवंबर 2026 को गोवा में आधुनिक भारत और तकनीक संपन्न भारत की नींव रखने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को श्रेय दिया है। इस पर केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा ने आपत्ति जताई है।भारतीय जनता पार्टी ने 23 नवंबर 2026 को सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके पर देश में इंटरनेट की शुरुआत के लिए जवाहरलाल नेहरू को श्रेय देने को लेकर तीखा हमला बोला है। केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी ने कॉकरोच जनता पार्टी के नेता पर गांधी-नेहरू परिवार को श्रेय देने के लिए कहानियां गढ़ने का भी आरोप लगाया। दरअसल दीपके ने कहा कि नेहरू ने ही आधुनिक और टेक्नॉलजी में अग्रणी भारत की नींव रखी थी। दीपके ने कहा, ‘पंडित जवाहर लाल नेहरू के बिना मुझे नहीं लगता है कि हमारे पास इंटरनेट और ये डिवाइसेज होते, क्योंकि उन्होंने ही मॉर्डन इंडिया और टेक्नॉलजी में प्रगति करने वाले भारत की नींव रखी। वह भी उस समय जब कोई कितना आगे नहीं देख रहा था।’ इस पर लोगों ने दीपके को याद दिलाया कि नेहरू का निधन 1964 में हो गया था, जबकि इंटरनेट की शुरुआत अमेरिका में 1969 में हुई थी।
वहीं ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट की एशिया पावर इंडेक्स 2026 रिपोर्ट में भारत को महाद्वीप की तीसरी सबसे शक्तिशाली ताकत के रूप में स्थान दिया गया है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को क्षेत्र के दूसरे सबसे प्रभावी नेता के रूप में आंका गया है। इस सूची में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पहले स्थान पर हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका कूटनीतिक प्रभाव रहा है। इस श्रेणी में भारत को 70.3 अंक मिले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है। वह तीन स्थान ऊपर चढ़कर एशिया के दूसरे सबसे प्रभावी नेता बन गए हैं। उनसे आगे केवल चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग हैं। लोवी इंस्टीट्यूट के दक्षिण-पूर्व एशिया कार्यक्रम के निदेशक और एशिया पावर इंडेक्स के प्रोजेक्ट लीड डॉ. हंटर मार्स्टन ने भी भारत की बढ़ती ताकत पर टिप्पणी की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारत का प्रभाव बढ़ा है और उसका स्कोर 40.5 तक पहुंच गया है। इससे प्रमुख शक्ति के रूप में भारत की स्थिति मजबूत हुई है। 2018 के बाद चीन के साथ भारत की शक्ति का अंतर अब सबसे कम स्तर पर है। आर्थिक क्षमता में कमजोरी के बावजूद पीएम मोदी को शी जिनपिंग के बाद दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना गया है। 2026 के एशिया पावर इंडेक्स में 27 देशों और क्षेत्रों को 131 संकेतकों के आधार पर परखा गया है। इसमें आर्थिक क्षमता, सैन्य शक्ति, मजबूती, राजनयिक प्रभाव और आर्थिक संबंधों समेत शक्ति के आठ प्रमुख पैमानों को शामिल किया गया है।इस सूची में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत 40.5 अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर है। जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे और रूस 32.2 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। भारत को रिपोर्ट में प्रमुख शक्ति यानी मेजर पावर का दर्जा दिया गया है।
भारत ने भविष्य के संसाधनों के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 56.2 अंक हासिल किए और तीसरा स्थान प्राप्त किया। आर्थिक क्षमता में भी देश तीसरे स्थान पर बना हुआ है, हालांकि इसका स्कोर घटकर 26.4 रह गया। रिपोर्ट में भारत से बाहर जाने वाले निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की कमी का भी जिक्र किया गया है। रक्षा नेटवर्क में भारत ने दो स्थानों की बढ़त हासिल कर नौवां स्थान पाया है। दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ रक्षा साझेदारी और ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री को इसकी वजह बताया गया है। आर्थिक संबंधों में भी भारत दो पायदान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर पहुंचा है। क्षेत्रीय व्यापार और निवेश में स्थिरता ने इस सुधार को मजबूती दी है। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत ने रक्षा, कूटनीति, क्षेत्रीय सहयोग और भविष्य की क्षमता के दम पर एशिया में अपना प्रभाव बढ़ाया है।
खैर दीपके अक्सर नेहरू की तारीफ और मोदी का विरोध करते नजर आते हैं इसलिए वह आलोचना के शिकार होते हैं और ट्रोलर्स के निशाने पर रहते हैं। अगर एक तटस्थ चेहरा नेहरू की तारीफ करे, तो शायद देश के पहले प्रधानमंत्री को लेकर इतना विवाद न हो। यह बात सौ फीसदी सही है कि पंडित नेहरू के योगदान के बिना भी भारत की कल्पना नहीं की जा सकती है तो भारत के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का योगदान भी कम करके नहीं आंका जा सकता… फिलहाल बात बस इतनी सी है कि दीपके नेहरू और दुनिया मोदी की बात कर रही है…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *